देश की खबरें | पहलगाम हमले पर प्रधानमंत्री को करारा जवाब देना चाहिए : राहुल

नयी दिल्ली, 30 अप्रैल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि पहलगाम आतंकी हमला करने वाले उसकी कीमत चुकाएं और इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ढुलमुल तरीके से नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई करें।

कांग्रेस नेता ने बुधवार को पहलगाम हमले के पीड़ित शुभम द्विवेदी के परिवार से मुलाकात की।

राहुल गांधी ने कहा, "मैं आज कानपुर गया, वहां मैंने पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उस परिवार के बेटे को बहुत ही निर्मम तरीके से मारा गया। इस हमले में लोगों को बेहद क्रूर तरीके से मारा गया और बहुत से लोग घायल हुए हैं।"

उन्होंने कहा, "मैं सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि आतंकियों को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। चाहे वे जहां भी हों, उन्हें इसकी कीमत चुकानी होगी।"

कांग्रेस नेता ने कहा कि आतंकियों को ढुलमुल तरीके से नहीं, बल्कि पूरी मजबूती के साथ करारा जवाब देना है, ताकि उन्हें याद रहे कि हिंदुस्तान के साथ ऐसा नहीं किया जा सकता है।

उन्होंने कहा, " प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को कार्रवाई करनी है। पूरा विपक्ष सरकार के साथ खड़ा है। हमारा 100 प्रतिशत समर्थन सरकार के साथ है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)