देश की खबरें | हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले शेष सभी 10 सैन्यकर्मियों के पार्थिव शरीर की पहचान हुई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तमिलनाडु में कुन्नूर के पास हुए हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले शेष सभी 10 सैन्यकर्मियों के पार्थिव शरीर की पहचान कर ली गई है और इनमें से छह के पार्थिव शरीर उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं। सैन्य अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 11 दिसंबर तमिलनाडु में कुन्नूर के पास हुए हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले शेष सभी 10 सैन्यकर्मियों के पार्थिव शरीर की पहचान कर ली गई है और इनमें से छह के पार्थिव शरीर उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं। सैन्य अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पहचान के बाद जिन सैन्यकर्मियों के पार्थिव शरीर उनके गृह क्षेत्र भेज दिए गए हैं- उनमें जूनियर वारंट अफसर (जेडब्ल्यूओ) प्रदीप, विंग कमांडर पी एस चौहान, जेडब्ल्यूओ राणा प्रताप दास, स्क्वाड्रन लीडर के. सिंह, लांस नायक बी साई तेजा और लांस नायक विवेक कुमार शामिल हैं।

शनिवार रात, एक अधिकारी ने बताया कि बाकी के चार पार्थिव शरीर की ‘‘सही पहचान’’ डीएनए जांच के जरिए की गयी और उन्हें रविवार को संबंधित परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

ऐसा कहा जा रहा है कि चार पार्थिव शरीर की पहचान की प्रक्रिया आज देर शाम पूरी हुई।

लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिंदर सिंह का अंतिम संस्कार रविवार को दिल्ली में बरार स्क्वेयर श्मशान घाट में होने की संभावना है जबकि हवलदार सतपाल राय, नायक गुरसेवक सिंह और नायक जितेंद्र कुमार के पार्थिव शरीर सेना के विमान से उनके गृह क्षेत्र भेजे जाएंगे।

बुधवार को सेना के एमआई17वी5 हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत और ब्रिगेडियर एल एस लिद्दर सहित 13 लोगों का निधन हो गया था। सभी शवों को दुर्घटना के एक दिन बाद बृहस्पतिवार शाम तमिलनाडु के सुलूर से दिल्ली लाया गया था।

अधिकारियों ने कहा कि थलसेना और वायुसेना ने परिवार के सदस्यों की संवेदनाओं और भावनाओं को ध्यान में रखते हुए पार्थिव शरीरों की पहचान की प्रक्रिया पूरी की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\