देश की खबरें | हिन्दू महासभा के सदस्यों ने संभल के शाही जामा मस्जिद में पूजा करने की मांग की, नहीं मिली अनुमति

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिंदू महासभा का सदस्य होने का दावा करने वाले लोगों के एक समूह ने शुक्रवार को संभल की शाही जामा मस्जिद में पूजन-हवन करने की अनुमति नहीं मिलने के बाद स्थानीय उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के कार्यालय में ‘हवन’ किया।

संभल (उप्र), सात मार्च हिंदू महासभा का सदस्य होने का दावा करने वाले लोगों के एक समूह ने शुक्रवार को संभल की शाही जामा मस्जिद में पूजन-हवन करने की अनुमति नहीं मिलने के बाद स्थानीय उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के कार्यालय में ‘हवन’ किया।

सूत्रों ने बताया कि महासभा के सदस्यों ने संभल की शाही जामा मस्जिद को हरिहर मंदिर करार देते हुये वहां शुक्रवार को पूजा और हवन करने की अनुमति मांगी थी।

संभल की एसडीएम वंदना मिश्रा ने पत्रकारों को बताया कि हिंदू महासभा का सदस्य होने का दावा करने वाले कुछ लोग नयी दिल्ली से यहां आए थे, और उन्होंने शाही जामा मस्जिद में हवन एवं पूजन करने की अनुमति मांगी।

उन्होंने कहा, ‘‘उन लोगों को वहां पूजन और हवन करने की अनुमति नहीं दी गयी, तो उन्होंने एसडीएम कार्यालय के बाहर हवन करने का विकल्प चुना और क्षेत्र को "देवभूमि" घोषित कर वहीं हवन शुरू कर दिया।’’

एसडीएम ने बताया कि “हमारे द्वारा यह कहा गया कि यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। आप वहां अपना पक्ष रखें, यदि न्यायालय की ओर से कोई आदेश दिया जाता है तो हम सहयोग करेंगे।”

यह पूछे जाने पर कि क्या उन लोगों ने वहां नमाज रोकने की भी बात कही है, उन्होंने कहा, ‘‘इस बात को उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से कहा है, जिसे उच्चाधिकारियों तक पहुंचा दिया जाएगा।’’

हिंदू महासभा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सतीश अग्रवाल ने कहा, ‘‘हम दिल्ली से अपने साथियों के साथ हरिहर मंदिर में यज्ञ करने आए थे, लेकिन हमें एसडीएम कार्यालय पर रोक लिया गया।’’

अग्रवाल ने कहा, ‘‘फिर हमने यही (एसडीएम कार्यालय में) हवन किया और हमने कहा कि हमें वहां पूजा करने की अनुमति दी जाए। अगले शुक्रवार को हम फिर आयेंगे।’’

सं आनन्द

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\