देश की खबरें | विद्यालयों में कमरा निर्माण परियोजना की जांच से कांग्रेस के आरोपों की पुष्टि हुई : देवेंद्र यादव
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने बुधवार को कहा कि पूर्व मंत्रियों मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) द्वारा दर्ज प्राथमिकी ने विद्यालयों में कमरे निर्माण में ‘धांधली’ के पार्टी के आरोपों की पुष्टि की है।
नयी दिल्ली, 30 अप्रैल दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने बुधवार को कहा कि पूर्व मंत्रियों मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) द्वारा दर्ज प्राथमिकी ने विद्यालयों में कमरे निर्माण में ‘धांधली’ के पार्टी के आरोपों की पुष्टि की है।
यादव ने दावा किया कि कांग्रेस ने पहले भी पूर्व शिक्षा और लोक निर्माण (पीडब्ल्यूडी) मंत्रियों के कार्यकाल के दौरान विद्यालयों में कमरों और भवनों के निर्माण में गंभीर अनियमितताओं को उजागर किया था।
उनके अनुसार, प्राथमिकी में 12,748 व्याख्यान कक्षों के निर्माण में लगभग 2,000 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय अनियमितताओं पर चिंता व्यक्त की गई है।
यादव ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने शुरू से ही यह मुद्दा उठा रही है। जिन कमरों का निर्माण लगभग पांच लाख रुपये की लागत से किया जा सकता था, उसे कथित तौर पर काफी अधिक लागत से बनाया गया, जिससे जनता के पैसे के दुरुपयोग को लेकर चिंता पैदा हुई।’’
एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि दिल्ली सरकार की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप)सरकार के तहत विद्यालयों में 12,748 कमरों के निर्माण में कथित भ्रष्टाचार को लेकर आप नेताओं मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
एसीबी ने एक बयान में कहा कि कथित घोटाला करीब 2,000 करोड़ रुपये का है और इसमें अत्यधिक बढ़ी हुई दरों पर ठेके दिए गए थे। सरकारी विद्यालयों में कमरों के निर्माण की लागत कथित तौर पर 24.86 लाख रुपये प्रति कमरा थी, जो सामान्य लागत से लगभग पांच गुना अधिक है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)