विदेश की खबरें | पाकिस्तान के हिंदू समूह ने मुल्तान के प्राचीन मंदिर में होली मनाने के लिए सुरक्षा की मांग की
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

पेशावर, 11 मार्च पाकिस्तान के हिंदू अधिकार संगठन ने सरकार से मंगलवार को आग्रह किया कि वह पंजाब प्रांत के मुल्तान शहर स्थित प्राचीन प्रह्लादपुरी मंदिर में हिंदुओं के होली और अन्य त्योहार मनाने के लिए पूर्ण सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करें।

प्रह्लादपुरी मंदिर हिंदू देवता नरसिंह को समर्पित है।

लोककथाओं के अनुसार, इसी मंदिर से होली के त्योहार की शुरुआत हुई थी, हालांकि वर्तमान समय में मंदिर जर्जर हालत में है।

अखिल पाकिस्तान हिंदू अधिकार आंदोलन के अध्यक्ष हारून सरब दियाल ने एक बयान में सरकार से आग्रह किया कि वह मंदिर में 14 से 16 मार्च तक होली और अन्य त्योहार मनाने के वास्ते पाकिस्तानी हिंदुओं के लिए पूर्ण सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करें।

उन्होंने अधिकारियों से दक्षिणी पंजाब में स्थानीय हिंदू समुदाय के साथ मिलकर उनकी सुरक्षा संबंधी चिंताओं का समाधान करने का भी आग्रह किया।

दियाल ने कहा, ‘‘यदि पूर्ण सुरक्षा की हमारी मांग पूरी नहीं की गई, तो हम अपने संवैधानिक और नैतिक अधिकारों का उपयोग करते हुए हर उपलब्ध मंच पर अपनी आवाज उठाने के लिए बाध्य होंगे।’’

उन्होंने पाकिस्तान में हिंदुओं के साथ हो रहे व्यवहार पर निराशा जाहिर करते हुए कहा, ‘‘पाकिस्तानी हिंदू होने के नाते हमें पूजा करने और अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं को मनाने के संवैधानिक अधिकारों से वंचित किया जा रहा है।’’

दियाल ने अफसोस जताते हुए कहा, ‘‘हमारे प्राचीन मंदिरों को उपेक्षित और परित्यक्त देखना निराशाजनक है। इसके अलावा हमें अपने पूजा स्थलों में प्रवेश के लिए भी अधिकारियों से अनुमति लेनी पड़ती है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)