देश की खबरें | सीमापार गोलीबारी में शहीद हो गये सैनिक का अंतिम संस्कार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तानी गोलीबारी में गंभीर रूप से जख्मी होने के बाद शहीद हुए एक युवा सैनिक सुनील कुमार को यहां अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास उसके गांव में सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में अश्रुपूर्ण अंतिम विदाई दी गई।
जम्मू, 11 मई पाकिस्तानी गोलीबारी में गंभीर रूप से जख्मी होने के बाद शहीद हुए एक युवा सैनिक सुनील कुमार को यहां अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास उसके गांव में सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में अश्रुपूर्ण अंतिम विदाई दी गई।
‘4-जेएकेएलआई (जम्मू-कश्मीर लाइट इंफेंट्री रेजिमेंट)’ में तैनात राइफलमैन सुनील कुमार (25) शनिवार तड़के आरएस पुरा सेक्टर में सीमा पार से हुई गोलाबारी में गंभीर रूप से घायल हो गए थे और बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया।
सुनील कुमार एक सैनिक परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनके दो बड़े भाई सशस्त्र बलों में सेवारत हैं जबकि पिता पूर्व सैनिक हैं। सुनील कुमार के रिश्तेदारों ने कहा कि वह बचपन से ही सेना में शामिल होने और देश की सेवा करने के सपने देखता था।
अरनिया सेक्टर में सुनील कुमार के त्रिवा गांव के अधिकतर निवासियों को आठ मई को एहतियात के तौर पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया था। दरअसल एक दिन पहले ही पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास अग्रिम गांवों को अंधाधुंध तरीके से निशाना बनाना शुरू कर दिया था क्योंकि भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर मिसाइलें दागी थीं।
हालांकि, जब तिरंगे में लिपटे ताबूत में वीर जवान सुनील कुमार का पार्थिव शरीर एक सुसज्जित सैन्य वाहन में रखकर उनके गांव लाया गया, तो सैकड़ों शोक संतप्त लोग उन्हें अश्रुपूर्ण अंतिम विदाई देने के लिए एकत्र हो गए । सुनील कुमार के बलिदान और राष्ट्र की प्रशंसा में नारे लगाये जा रहे थे।
जब सुनील कुमार के माता-पिता समेत परिवार के सदस्य शहीद सैनिक के अंतिम दर्शन के लिए आगे बढ़े तो तो माहौल बहुत भावुक हो गया।
बाद में पार्थिव शरीर को परमंडल ले जाया गया, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
पूर्व सरपंच बलबीर कौर ने ‘पीटीआई-’ को बताया,‘‘पूरा गांव शोक में है क्योंकि हमने इस सीमावर्ती गांव में पले-बढ़े और देश की सेवा में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले अपने बेटे को खो दिया है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)