देश की खबरें | पुणे से कोविड-19 के टीके लेकर पहला विमान दिल्ली पहुंचा
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली/पुणे, 12 जनवरी देश में कोरोना वायरस के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का आरंभ करते हुए 16 जनवरी को टीकाकरण मुहिम की शुरुआत से चार दिन पहले ‘कोविशील्ड’ टीकों की पहली खेप मंगलवार सुबह पुणे से दिल्ली पहुंची।

‘स्पाइजेट’ का विमान टीकों के साथ सुबह करीब 10 बजे दिल्ली हवाईअड्डे पहुंचा। वह सुबह करीब आठ बजे पुणे हवाईअड्डे से रवाना हुआ था। इससे पहले तीन ट्रकों में इन टीकों को तड़के पांच बजे से कुछ समय पहले ‘सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया’ (एसआईआई) से पुणे हवाईअड्डे के लिए रवाना किया गया था।

नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि चार विमानन कम्पनियां पुणे से देश के 13 शहरों में कोविड-19 टीकों की 56.5 लाख खुराक ले जाने के लिए मंगलवार को नौ उड़ानें संचालित करेंगी।

पुणे से ‘स्पाइजेट’ के विमान के दिल्ली और ‘गोएयर’ के विमान के टीके लेकर चेन्नई के लिए सुबह रवाना होने के साथ ही इस अभियान की शुरुआत हुई।

तीन ट्रक इन टीकों को लेकर तड़के पांच बजे से कुछ समय पहले पुणे हवाईअड्डे के लिए ‘सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया’ से रवाना हुए थे। पुणे हवाईअड्डे से इन टीकों को हवाई मार्ग के जरिए भारत के अन्य हिस्सों में पहुंचाया जाएगा।

टीकों को इंस्टीट्यूट से रवाना करने से पहले एक पूजा भी की गई थी।

‘स्पाइजेट’ के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अजय सिंह ने कहा, ‘‘ मैं यह बताते हुए बेहद खुश हूं कि ‘स्पाइजेट’ ने आज, भारत की कोविड-19 के टीकों की पहली खेप को लेकर उड़ान भरी। पहली खेप में ‘कोविशील्ड’ के 1088 किलोग्राम के 34 डिब्बे थे, जो ‘स्पाइजेट’ की विमान संख्या-8937 में पुणे से दिल्ली लाए गए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)