हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश), 24 फरवरी रुड़की में अपने यूनिट मुख्यालय में पेंशन के कागजात सौंपकर ऋषिकेश लौट रहे प्रादेशिक सेना के एक जवान की ट्रेन से गिर जाने से मौत हो गयी। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
हमीरपुर जिले के सलौनी गांव के नाइक राजकुमार शर्मा बृहस्पतिवार को ट्रेन से उतरने के दौरान गिर गये। उन्हें ऋषिकेश एम्स ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गयी। वह इस साल सेवानिवृत होने वाले थे ।
शर्मा का शुक्रवार को उनके गांव में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। जालंधर की एक बटालियन के सैनिकों ने दिवंगत सैनिक को अंतिम सलामी दी।
प्रादेशिक सेना के 174 इंजीनियर रेंजीमेंट से संबद्ध शर्मा जम्मू में पदस्थापित थे। वह 20 फरवरी को सेवानिवृत्ति के अपने कागजात लेकर रुड़की में यूनिट मुख्यालय गये थे। जब वह वहां से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
करीब पांच साल पहले वह जम्मू में सेना के एक अभियान में गंभीर रूप से घायल हो गये थे। उनके पैर में गोली लगी थी। उनका लंबे समय तक इलाज चला था और वह ठीक हो गये थे।
बड़सर विधायक इंद्र दत्त लखनपाल और एसडीएम शशिपाल शर्मा उनके अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद थे। स्थानीय विधायक ने शर्मा के परिवार को पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY