देश की खबरें | मंदिरों को प्रकाश और शिक्षा का केंद्र बनना चाहिए: केरल के राज्यपाल

तिरुवनंतपुरम, 24 मई केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शनिवार को कहा कि मंदिरों को समाज का प्रकाश और शिक्षा का केंद्र बनना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मंदिर केवल पूजा स्थल नहीं हैं, बल्कि समाज में सही मूल्यों को स्थापित करने और सांस्कृतिक परिवर्तन में मंदिरों की बड़ी भूमिका है।

राज्यपाल यहां केरल क्षेत्र संरक्षण समिति के 59वें वर्षगांठ समारोह का उद्घाटन करने के बाद बोल रहे थे।

राजभवन द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, राज्यपाल ने समाज के सर्वांगीण विकास पर ध्यान केन्द्रित करने के लिए मंदिरों की आवश्यकता पर जोर दिया। आर्लेकर ने कहा कि राज्य के प्रत्येक मंदिर को एक शैक्षणिक संस्थान, चिकित्सा संस्थान और एक गोशाला भी खोलनी चाहिए, ताकि मानवता और पर्यावरण के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचा जा सके।

इससे पहले, मिजोरम के पूर्व राज्यपाल कुम्मानम राजशेखरन ने कहा कि मंदिरों के माध्यम से उच्च आदर्शों और महान मूल्यों का प्रसार होता है।

बयान में कहा गया कि पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) टी पी सेनकुमार ने भी इस अवसर पर संबोधित किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)