देश की खबरें | तेलंगाना: स्वास्थ्य मंत्री राजनरसिम्हा ने राज्य में कोविड-19 की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की

हैदराबाद, 24 मई तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राजनरसिम्हा ने राज्य में कोविड-19 की मौजूदा स्थिति और मौसमी बीमारियों के प्रभावी प्रबंधन के लिए स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों का आकलन करने के लिए एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की।

अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि हैदराबाद में कोविड-19 का एक मामला सामने आया था। मरीज चिकित्सक है और अब पूरी तरह से ठीक हो गया है।

यहां जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों ने भारत और अन्य देशों में मौजूदा स्थिति पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही यह संज्ञान में लाया गया कि कुछ देशों में कोविड-19 के मामलों में मामूली वृद्धि हुई है, लेकिन अस्पताल में भर्ती होने की दर काफी कम है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा कोई नया परामर्श या दिशा-निर्देश जारी नहीं किया गया है।

महामारी विज्ञानियों ने मंत्री को बताया कि कोविड-19 लगभग तीन वर्ष पहले स्थानिक अवस्था (एंडेमिक स्टेज) में पहुंच गया था, तथा मामलों की संख्या में समय-समय पर होने वाले उतार-चढ़ाव स्थानिक व्यवहार के अनुरूप हैं।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अन्य राज्यों और देशों में उत्पन्न स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जानी चाहिए और कोविड-19 की स्थानिक प्रकृति के बारे में निरंतर लोगों को जागरूक करने के महत्व को रेखांकित किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)