जरुरी जानकारी | तमिलनाडु ने केंद्र से कहा, कीमतें कम करने के लिए केंद्रीय स्टॉक से गेहूं, अरहर दाल जारी करें

चेन्नई, 12 जुलाई तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को केंद्र से केंद्रीय स्टॉक से प्रतिमाह 10,000 टन गेहूं और अरहर दाल आवंटित करने का आग्रह किया ताकि कीमतों को कम करने के लिए सहकारी दुकानों के माध्यम से इनकी बिक्री की जा सके।

केंद्रीय खाद्य मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखकर, मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने ‘खाद्य मुद्रास्फीति में चिंताजनक रुझान’ को रेखांकित किया और उनसे उपभोक्ताओं पर इसके प्रभाव को कम करने में राज्य सरकारों की मदद करने के लिए तत्काल कदम उठाने का अनुरोध किया।

कई आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर भारी बोझ पड़ा है।

गत 10 जुलाई को इस मुद्दे पर यहां हुई समीक्षा बैठक का जिक्र करते हुए स्टालिन ने कहा कि राज्य सरकार ने घरेलू या विदेशी उत्पादकों से कुछ आवश्यक वस्तुओं की खरीद के लिए बोलियां मंगाई हैं।

मुख्यमंत्री ने गोयल से घरेलू उत्पादन में कमी को देखते हुए ऐसे उत्पादों के आयात के लिए केंद्र सरकार के प्रयासों में तेजी लाने का अनुरोध किया।

उन्होंने कहा, ‘‘इस बीच, केंद्रीय स्टॉक से आपूर्ति करने से स्थिति संभल सकती है। इसलिए, मैं आपसे केंद्रीय स्टॉक से प्रति माह 10,000 टन गेहूं और अरहर दाल आवंटित करने का अनुरोध करता हूं। कीमतों को कम करने के लिए इन वस्तुओं को सहकारी दुकानों के माध्यम से बेचा जाएगा।’’

तमिलनाडु सरकार सहकारी दुकानों और किसान बाजार के माध्यम से खुले बाजार मूल्य से काफी नीचे सब्जियों, खाद्यान्न और दालों की आपूर्ति जैसे विभिन्न अल्पकालिक और दीर्घकालिक मूल्य हस्तक्षेप उपाय कर रही थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)