खेल की खबरें | राष्ट्रमंडल खेलों के लिए टेबल टेनिस टीम की घोषणा, महिला टीम को साइ की मंजूरी की जरूरत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय टेबल टेनिस टीम के चयनकर्ताओं ने मंगलवार को राष्ट्रमंडल खेलों के लिए चार सदस्यीय महिला टीम का चयन किया, जो भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) से मंजूरी के अधीन है क्योंकि अर्चना कामथ को मौजूदा मानदंडों को पूरा नहीं करने के बावजूद टीम में शामिल किया गया था।
बेंगलुरु, 31 मई भारतीय टेबल टेनिस टीम के चयनकर्ताओं ने मंगलवार को राष्ट्रमंडल खेलों के लिए चार सदस्यीय महिला टीम का चयन किया, जो भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) से मंजूरी के अधीन है क्योंकि अर्चना कामथ को मौजूदा मानदंडों को पूरा नहीं करने के बावजूद टीम में शामिल किया गया था।
पुरुष टीम को लेकर हालांकि विवाद जैसी कोई स्थिति नहीं है। इसमें दिग्गज शरत कमल, जी साथियान और हरमीत देसाई मुख्य खिलाड़ी हैं जबकि मानुष शाह स्टैंडबाई होंगे।
महिलाओं में कामथ, मनिका बत्रा (39वीं रैंकिंग) के बाद 66 वीं रैंकिंग के साथ दूसरी सर्वोच्च रैंकिंग वाली भारतीय खिलाड़ी हैं, लेकिन वह मौजूदा चयन मानदंडों के अनुसार शीर्ष चार खिलाड़ियों में शामिल नहीं थी, जो घरेलू प्रदर्शन पर भी आधारित है।
प्रशासकों की समिति (सीओए) ने ऐसी स्थिति से निपटने के लिए भविष्य में चयन दिशानिर्देशों में बदलाव करने की योजना बनायी है।
चयनित खिलाड़ी मनिका, अर्चना, श्रीजा अकुला (रैंकिंग 69), रीथ ऋषि (100) के अलावा दीया चितले (129) को स्टैंडबाई के रूप में रखा गया है।
इसमें अहिका मुखर्जी और सुतीर्था मुखर्जी जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की अनदेखी की गई।
साइ से सहमति का इंतजार करने पर सीओए के प्रतिनिधि और चयन समिति के अध्यक्ष एसडी मुदगिल ने कहा, ‘‘मौजूदा चयन मानदंडों के तहत, सदस्यों में से एक (अर्चना) शीर्ष चार से बाहर है। चयन समिति हालांकि आश्वस्त है कि मौजूदा दिशानिर्देश ‘त्रुटिपूर्ण’ हैं और एक अक्टूबर से प्रभावी नये दिशानिर्देशों में जरूरी सुधार किये जायेंगे।’’
राष्ट्रमंडल खेलों के लिए चुने गये खिलाड़ियों को प्रमुख यूरोपीय टीम के साथ साझेदारी में एक अनुकूलन शिविर में भाग लेने का मौका मिलेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)