दीमापुर, 12 फरवरी नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने बुधवार को ऐलान किया कि उनकी सरकार सैनिक स्कूल में पढ़ने वाले राज्य के विद्यार्थियों को 100 प्रतिशत छात्रवृत्ति प्रदान करेगी।
रियो ने सैन्यकर्मियों और पूर्व सैनिकों की एक सभा में यह घोषणा की। इस सभा में सेना के स्पीयर कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल अभिजीत एस पेंढारकर भी शामिल हुए।
सेवारत और सेवानिवृत्त सैनिकों के बीच संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से स्पीयर कोर ने यहां रंगापहाड़ सैन्य अड्डे पर सशस्त्र बलों और असम राइफल्स के पूर्व सैनिकों के लिए एक मेगा रैली की मेजबानी की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को एक महत्वपूर्ण अवसर बताया जो सैनिकों और उनके परिवारों के बलिदानों को नमन करता है।
रियो ने कहा, ‘‘मैं अपने सशस्त्र बलों के उन जवानों के बलिदान को सलाम करता हूं, जिन्होंने आजादी के बाद से भारत की रक्षा की है।’’
मुख्यमंत्री ने भारतीय सेना और असम राइफल्स में नगा युवाओं की बढ़ती भागीदारी पर भी प्रकाश डाला।
नागरिकों को अनुशासित और कामयाब बनाने में सैनिक स्कूलों के महत्व पर जोर देते हुए रियो ने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में सैनिक स्कूल में अपनी शिक्षा के बारे में बातें साझा कीं।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार युवाओं में उत्कृष्टता और अनुशासन को बढ़ावा देने के वास्ते सैनिक स्कूल नगालैंड में पढ़ने वाले राज्य के विद्यार्थियों को 100 प्रतिशत छात्रवृत्ति प्रदान करेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY