देश की खबरें | एलआईसी पॉलिसी धारकों से धोखाधड़ी पर छह गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. एलआईसी पॉलिसी में ज्यादा रिटर्न का लालच देकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का साइबर टीम ने सोमवार को भंड़ाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 1.81 लाख रुपये नकद बरामद किये गये हैं।
फरीदाबाद, 14 मार्च एलआईसी पॉलिसी में ज्यादा रिटर्न का लालच देकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का साइबर टीम ने सोमवार को भंड़ाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 1.81 लाख रुपये नकद बरामद किये गये हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अशोक, शान, अमित, प्रदीप, तरुण तथा रविंद्र का नाम शामिल है।
आरोपियों ने पूरे भारत में साइबर ठगी की 242 वारदातों को अंजाम देने के बारे पुलिस को जानकारी दी जिसमें से आठ वारदातों को हरियाणा में अंजाम दिया। इस मामले में आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग किए गये मोबाइल, सिम कार्ड और वॉकी टॉकी फोन बरामद किए गए हैं।
आरोपी शान उत्तर प्रदेश के महोबा जिले का रहने वाला है वही अन्य आरोपी दिल्ली के निवासी हैं। इस मामले में दो आरोपी अभी फरार चल रहे हैं जिन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी बहुत ही शातिर किस्म के अपराधी हैं। आरोपियों ने साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देने के लिए दिल्ली के जनकपुरी स्थित डिस्ट्रिक्ट सेंट्रल एरिया में कॉल सेंटर खोल रखा था। आरोपी किसी ब्रोकर से एलआईसी पॉलिसी धारकों का डाटा एकत्र करते थे।
पॉलिसी धारकों की जानकारी प्राप्त होने के पश्चात उक्त आरोपी पॉलिसी धारक को फोन करते थे और अपने आप को एलआईसी का अधिकारी बताते थे। वे सबसे पहले पॉलिसी धारक को उसकी पॉलिसी के बारे में जानकारी देकर उन्हें अपने विश्वास में ले लेते थे।
इसके बाद आरोपी उन्हें हाल में चल रही उनकी पॉलिसी से बेहतर पॉलिसी के बारे में झूठी जानकारी देते थे जिसमें कम समय में ज्यादा मुनाफे की गारंटी का झूठा वादा किया जाता था। साइबर ठगों की इन लुभावनी बातों में आकर पॉलिसी धारक अपनी पुरानी पॉलिसी को बंद करके आरोपियों द्वारा बताई गई इस नई पॉलिसी को खरीदने के लिए तैयार हो जाता था।
आरोपी अलग-अलग समय पर अलग-अलग बहाने बनाकर पीड़ित से मोटी रकम ऐंठ लेते थे। इसी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार हुए फरीदाबाद के रहने वाले पीडि़त मनोज ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि आरोपियों ने इसी प्रकार उसके साथ 8.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है जिसके पश्चात साइबर थाना में मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच शुरू की गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)