देश की खबरें | सिक्किम के ‘राजकुमार’ तेनजिंग जिग्मे नामग्याल को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी

गंगटोक, 29 नवंबर सिक्किम के 11वें चोग्याल (राजा) सर ताशी नामग्याल के पोते एवं ग्यालसे (राजकुमार) तेनजिंग जिग्मे नामग्याल का बुधवार को गंगटोक लक्ष्यम रॉयल श्मशान घाट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

राजकुमार तेनजिंग जिग्मे नामग्याल ने 61 वर्ष की उम्र में 21 नवंबर को अंतिम सांस ली। वह कुछ समय से बीमार थे।

उनके परिवार में उनकी पत्नी सेम सांगेय डेकी नामग्याल और तीन बच्चे हैं।

राजकुमार को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा थे, जिनमें सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग भी शामिल थे।

इससे पहले दिन में तमांग ने भी शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और उनके आवास पर दिवंगत राजकुमार को श्रद्धांजलि अर्पित की।

चोग्याल (राजा) ताशी नामग्याल सिक्किम के पूर्व साम्राज्य के सम्राट थे, जो नामग्याल राजवंश से संबद्ध थे। वह 1642 से 1973 तक सिक्किम के निरपेक्ष सम्राट रहे और 1973 से 1975 तक संवैधानिक सम्राट रहे।

इसके बाद राजशाही समाप्त कर दी गई और यहां के लोगों ने सिक्किम को भारत का 22वां राज्य बनाने के पक्ष में जनमत संग्रह में मतदान किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)