देश की खबरें | सिक्किम : नामची में आयोजित रैली हिंसक हुई, धारा-144 लागू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सिक्किम के नामची शहर में 21 वर्षीय एक युवा नेता की रहस्यमय मौत के मामले में शीघ्र न्याय की मांग को लेकर सोमवार को आयोजित रैली हिंसक हो गई। रैली में शामिल लोगों की ओर से कथित तौर पर किये गए पथराव में कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए।
गंगटोक, सात अगस्त सिक्किम के नामची शहर में 21 वर्षीय एक युवा नेता की रहस्यमय मौत के मामले में शीघ्र न्याय की मांग को लेकर सोमवार को आयोजित रैली हिंसक हो गई। रैली में शामिल लोगों की ओर से कथित तौर पर किये गए पथराव में कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए।
नामची के उप संभागीय मजिस्ट्रेट ने बताया कि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि शहर में धारा-144 लागू कर दी गई है और पुलिस ने नामची में गश्त बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि अब स्थिति नियंत्रण में है।
रैली का आयोजन ऑल सिक्किम गुरुंग तामू बुद्धिस्ट एसोसिएशन ने किया था जिसमें विभिन्न संगठनों और समाज के विभिन्न तबके के लोगों ने भी हिस्सा लिया।
युवा नेता पदम गुरुंग, नामची राजकीय कॉलेज में छात्र प्रतिनिधि परिषद के अध्यक्ष थे और 28 जून को उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में नामची के कजितर स्थित नाले में मिला था।
मृत छात्र नेता के भाई प्रेम गुरुंग ने कहा, ‘‘न्याय में देरी, न्याय से इनकार है। हम अब तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।’’
उन्होंने दावा किया कि पुलिस के पास तमाम सबूत हैं, जिसके आधार पर इसे हत्या का मामला घोषित किया जा सकता है और आरोपियों को पकड़ा जा सकता है, लेकिन आश्चर्य है कि पुलिस क्यों तथ्यों को सामने लाने से बच रही है।
सिक्किम सरकार ने मौत की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। छात्र नेता के दोस्तों और परिवार ने हत्या का दावा किया है। मुख्यमंत्री पी एस तमांग के आदेश पर उच्च न्यायालय के मौजूदा न्यायाधीश के नेतृत्व में जुलाई में मामले की न्यायिक जांच शुरू हुई।
न्यायिक जांच की रिपोर्ट 12 अगस्त को जमा किए जाने की उम्मीद है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)