देश की खबरें | विधानसभा से सावरकर की तस्वीर को हटाने के सवाल पर बोले सिद्धरमैया: विस अध्यक्ष लेंगे फैसला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. 'सुवर्ण विधान सौध’ के विधानसभा कक्ष में लगी हिंदुत्व के विचारक विनायक दामोदर सावरकर की आदमकद तस्वीर को हटाए जाने की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने सोमवार को कहा कि इस पर विधानसभा अध्यक्ष फैसला करेंगे।
बेलगावी, (कर्नाटक), चार दिसंबर 'सुवर्ण विधान सौध’ के विधानसभा कक्ष में लगी हिंदुत्व के विचारक विनायक दामोदर सावरकर की आदमकद तस्वीर को हटाए जाने की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने सोमवार को कहा कि इस पर विधानसभा अध्यक्ष फैसला करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पिछली सरकार के दौरान विधानसभा कक्ष में कई राष्ट्रीय आदर्श शख्सियतों की तस्वीरों के साथ सावरकर की तस्वीर का अनावरण किया गया था।
दिसंबर 2022 में सावरकर की तस्वीर के अनावरण की तत्कालीन विपक्ष - कांग्रेस - ने आलोचना की थी और आरोप लगाया था कि यह एकतरफा निर्णय था और उसे अंधेरे में रखा गया था।
पत्रकारों ने जब यह पूछा कि क्या सावरकर की तस्वीर को हटाया जाएगा तो सिद्धरमैया ने कहा कि इसका फैसला विधानसभा अध्यक्ष पर छोड़ा गया है।
विधानसभा अध्यक्ष यू टी खादर ने रविवार को कहा था कि विधानसभा कक्ष के अंदर प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की तस्वीर लगाने के प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी।
विधानसभा कक्ष के अंदर तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी और तत्कालीन मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने स्वामी विवेकानंद, सुभाष चंद्र बोस, बीआर आम्बेडकर, बसवेश्वर, महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल और सावरकर की तस्वीरों का अनावरण किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)