जरुरी जानकारी | बीएसएनएल को 4जी, 5जी स्पेक्ट्रम आवंटन के लिए 89,047 करोड़ रुपये का पैकेज मंजूर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सार्वजनिक क्षेत्र की दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल को 4जी एवं 5जी स्पेक्ट्रम आवंटित कर उसमें नई जान डालने के लिए 89,047 करोड़ रुपये आवंटित करने की मंजूरी दी है।
नयी दिल्ली, सात जून केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सार्वजनिक क्षेत्र की दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल को 4जी एवं 5जी स्पेक्ट्रम आवंटित कर उसमें नई जान डालने के लिए 89,047 करोड़ रुपये आवंटित करने की मंजूरी दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में बीएसएनएल के लिए तीसरे पुनरुद्धार पैकेज को मंजूरी दी गई। इसके तहत बीएसएनएल के लिए कुल 89,047 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
सरकार की तरफ से जारी एक बयान के मुताबिक, इस पैकेज का इस्तेमाल कर बीएसएनएल को 4जी एवं 5जी स्पेक्ट्रम आवंटित किए जाएंगे। नया पुनरुद्धार पैकेज मिलने के बाद बीएसएनएल का अधिकृत पूंजी आधार 1,50,000 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,10,000 करोड़ रुपये हो जाएगा।
मुश्किलों से घिरी सार्वजनिक दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल में नई जान फूंकने के लिए सरकार की तरफ से पहले भी राहत पैकेज दिए जा चुके हैं। अब उसे 4जी एवं 5जी स्पेक्ट्रम से लैस कर दूरसंचार प्रतिस्पर्द्धा के लायक बनाने की कोशिश की जा रही है।
इस पैकेज के तहत बीएसएनएल को 46,338.6 करोड़ रुपये मूल्य का 700 मेगाहर्ट्ज बैंड स्पेक्ट्रम, 26,184.2 करोड़ रुपये मूल्य का 3300 मेगाहर्ट्ज बैंड, 6,564.93 करोड़ रुपये मूल्य का 26 गीगाहर्ट्ज बैंड और 9,428.2 करोड़ रुपये मूल्य का 2500 मेगाहर्ट्ज बैंड स्पेक्ट्रम आवंटित किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न मद में 531.89 करोड़ रुपये भी आवंटित किए गए हैं।
प्रेम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)