देश की खबरें | रॉबर्ट वाड्रा ने महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने के बाद कहा, भाजपा ने मंदिर के लिए कुछ नहीं किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा ने रविवार को मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन किये और पूजा-अर्चना की।

उज्जैन (मप्र), 10 अप्रैल कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा ने रविवार को मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन किये और पूजा-अर्चना की।

बाद में पत्रकारों से बातचीत में वाड्रा ने प्रदेश की सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर मंदिर के विकास के लिए कुछ नहीं करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा सुबह महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे और गर्भगृह के अंदर पूजा-अर्चना की। यह देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है।

उन्होंने कहा कि यहां आकर उन्हें बहुत शांति मिली है और वे अपने परिवार के लिए आशीर्वाद लेकर जा रहे हैं।

वाड्रा ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस नीत मध्यप्रदेश सरकार ने यहां महाकाल मंदिर में बहुत अच्छा काम किया है जो दिखाई दे रहा है।

उन्होंने मध्यप्रदेश की भाजपा की अगुवाई वाली सरकार पर हमला करते हुए कहा, ‘‘भाजपा ने कुछ भी नहीं किया यहां (महाकालेश्वर मंदिर में)। मैं ज्यादा राजनीतिक बात नहीं करना चाहता। यहां ज्यादा काम करना चाहिए, क्योंकि देश भर से लोग यहां आते हैं।’’

वाड्रा ने कहा कि हमारी पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने महाकालेश्वर मंदरि के विकास के लिए जो धन राशि दी थी, उससे यहां बदलाव आया है।

देश में बढ़ती महंगाई के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि लोगों को महंगाई का विरोध करने के लिए आगे आना चाहिए, क्योंकि सरकार अपनी भलाई के बारे में सोच रही है। हालांकि उन्होंने कहा कि वह राजनीतिक मुद्दों पर बात नहीं करना चाहते, क्योंकि वह यहां धार्मिक यात्रा पर आये हैं।

इस बीच वाड्रा के आरोपों का जवाब देते हुए कि मध्यप्रदेश भाजपा के प्रवक्ता डॉ. हितेश बाजपेयी ने कहा कि रॉबर्ट वाड्रा न तो मंदिरों को समझते हैं और न ही उनके मन में ऐसे स्थलों के लिए कोई सम्मान है। उन्होंने आरोप लगाया कि वाड्रा की पार्टी राम मंदिर निर्माण का विरोध कर रही है। बाजपेयी ने कहा, ‘‘लेकिन वह खुद के खिलाफ चल रही कार्रवाई से बचने के लिए पंडितों की सलाह पर अब मंदिरों का दौरा कर रहे हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\