देश की खबरें | राजद सांसद ने बिहार के दो शीर्ष अधिकारियों पर वित्तीय धोखाधड़ी का आरोप लगाया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद सुधाकर सिंह ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भरोसेमंद दो शीर्ष अधिकारी करोड़ों रुपये के ‘‘घोटाले’’ में शामिल हैं, जो ‘‘एक निजी कंपनी और एक गैर सरकारी संगठन के बीच सांठगांठ’’ से जुड़ा है।
पटना, सात मार्च राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद सुधाकर सिंह ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भरोसेमंद दो शीर्ष अधिकारी करोड़ों रुपये के ‘‘घोटाले’’ में शामिल हैं, जो ‘‘एक निजी कंपनी और एक गैर सरकारी संगठन के बीच सांठगांठ’’ से जुड़ा है।
उन्होंने जिन दो अधिकारियों का उल्लेख किया है, फिलहाल उनकी तरफ से इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
बक्सर से लोकसभा सदस्य एक बयान में कहा, ‘‘उक्त स्वयं सेवी संगठन (एनजीओ) और निजी कंपनी के सांठगांठ से हुए करोड़ों रुपये के इस घोटाले की जांच के लिए मैं जल्द दिल्ली में प्रधानमंत्री कार्यालय, सीएजी, लोकपाल और संसद में ज्ञापन दूंगा।’’
सिंह ने आरोप लगाया कि इस सप्ताह की शुरुआत में पेश किए गए राज्य बजट में बिहार सरकार के वित्त विभाग के द्वारा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार की बेटी और केवल ढाई महीने पहले स्थापित की गई कंपनी ‘बोधी सेंटर फॉर सस्टेनेबल ग्रोथ प्राइवेट लिमिटेड’ की मालिक ईशा वर्मा को 25 करोड़ रुपये से ‘बिहार ग्रीन डेवलपमेंट फंड’ की स्थापना करके लाभ पहुंचाने की कोशिश की गई है।
राजद सांसद ने दावा किया कि बिहार के वित्त विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर की शादी दीपक कुमार की बहन से हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि किशोर ने वर्मा एवं उसकी कंपनी ‘बोधी सेंटर फॉर सस्टेनेबल ग्रोथ प्राइवेट लिमिटेड’ को वित्त विभाग में काम करने की अनधिकृत अनुमति बिना किसी निविदा या कानूनी प्रक्रिया के दी है।
पहले नीतीश कुमार सरकार में मंत्री रह चुके सिंह ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इस मामले में दोनों अधिकारियों को बर्खास्त कर देना चाहिए। अगर वह ऐसा नहीं करते हैं, तो यह माना जाएगा कि वह भी घोटाले में शामिल हैं।’’
अनवर
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)