देश की खबरें | राजस्थान में कड़ी सुरक्षा के बीच मनाया गया गणतंत्र दिवस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान में 72वां गणतंत्र दिवस मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मनाया गया जहां जयपुर में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल कलराज मिश्र ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली।

जयपुर, 26 जनवरी राजस्थान में 72वां गणतंत्र दिवस मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मनाया गया जहां जयपुर में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल कलराज मिश्र ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली।

राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर गणतंत्र दिवस समारोह अपेक्षाकृत सादगी से मनाया गया जहां कोरोना वायरस से संक्रमण के मद्देनजर अतिथि व अन्य लोग सामाजिक दूरी का पालन करते हुए मास्क लगाए दिखे।

राज्यस्तरीय समारोह जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में हुआ। यहां राज्यपाल मिश्र ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर लोक कलाकारों, पुलिस व सैन्य बैंड ने प्रस्तुतियां दी।

राज्यपाल के स्टेडियम में पहुंचने पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उनकी अगवानी की।

इससे पहले राज्यपाल मिश्र ने राजभवन में झण्डा फहराया और अमर जवान ज्योति पर पुष्प चक्र अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

राज्यपाल मिश्र ने अपने बधाई संदेश में 72वें गणतंत्र दिवस पर देश-प्रदेशवासियों और सरहद पर तैनात जांबाज जवानों को बधाई व शुभकामना दी और खुशहाल, समृद्ध और निरोगी राजस्थान के निर्माण के लिए मिलजुल कर कार्य करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री गहलोत ने सुबह अपने निवास पर तिरंगा फहराया। इसके बाद वह बड़ी चौपड़ व प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में आयोजित गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में भी शामिल हुए व अमर जवान ज्योति पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

गहलोत ने गणतंत्र दिवस पर अपने संदेश में कहा कि ‘‘यह राष्ट्रीय पर्व संवैधानिक मूल्यों में लोगों की आस्था का प्रतीक है। आज के दिन हम सभी देशवासी भारतीय लोकतंत्र को सशक्त बनाने तथा इस मुल्क को एक व अखंड रखने का संकल्प लें।’’

इस अवसर पर विभिन्न सरकारी कार्यालयों, मुख्यालयों में भी ध्वजारोहरण किया गया।

पुलिस महानिदेशक एम एल लाठर ने राजस्थान पुलिस मुख्यालय में ध्वजारोहण किया।

गणतंत्र दिवस समारोहों के मद्देनजर सुरक्षा के चाक चौबंद बंदोबस्त किए गए थे और पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मुस्तैद नजर आए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\