देश की खबरें | छत्तीसगढ़ में पहले दिन हुई 88 हजार मीट्रिक टन धान की खरीद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीद के पहले दिन बुधवार को 88 हजार मीट्रिक टन धान की खरीद की गई।

रायपुर, एक दिसंबर छत्तीसगढ़ में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीद के पहले दिन बुधवार को 88 हजार मीट्रिक टन धान की खरीद की गई।

राज्य के जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि खरीद के पहले दिन बुधवार को 30 हजार 85 किसानों से 88 हजार मीट्रिक धान की खरीद की गई है।

राज्य के खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी खरीद केंद्रों में सुचारू रूप से धान खरीदी हुई है। इस दौरान कोरोना वायरस संक्रमण से सुरक्षा के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य में पंजीकृत किसानों की संख्या 24 लाख नौ हजार 453 है। वहीं कुल रकबा 29 लाख 84 हजार 920 हेक्टेयर तक पहुंच गया है। वर्ष 2020-21 में पंजीकृत किसानों की संख्या 21 लाख 52 हजार 990 तथा रकबा 27 लाख 92 हजार 827 हेक्टेयर था।

उन्होंने बताया कि किसान नजदीकी धान उपार्जन केंद्र में सुलभता से धान विक्रय कर सकें इसे ध्यान में रखते हुए उपार्जन केन्द्रों में बढ़ोतरी की गई है। राज्य में इस वर्ष कुल 2459 धान खरीद केन्द्रों के माध्यम से धान उपार्जन किया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार ने किसानों से सुचारू रूप से धान खरीदने के लिए पहले दिन से ही स्वयं के बारदाने (बोरे) में धान बेचने की अनुमति प्रदान कर दी है। किसानों से धान खरीद पुराने बारदाने के माध्यम से भी किया जा रहा है। इसके लिए राज्य शासन द्वारा 18 रूपए प्रति बोरा निर्धारित दर को बढ़ाकर 25 रूपए प्रति बारदाना कर दिया गया है। पुराने बारदाने की कीमतों में वृद्धि करने से किसानों को अतिरिक्त लाभ होगा।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में आज एक दिसम्बर से खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 के लिए समर्थन मूल्य पर धान की खरीद शुरू हो गई। इस वर्ष लगभग 105 लाख मीट्रिक टन धान खरीद होने का अनुमान है।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 के तहत समर्थन मूल्य पर किसानों से धान की खरीद एक दिसम्बर 2021 से 31 जनवरी 2022 तक तथा मक्का की खरीद एक दिसम्बर 2021 से 28 फरवरी 2022 तक की जाएगी। खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 के लिए धान कॉमन 1940 रुपए प्रति क्विंटल, धान ग्रेड ए 1960 रुपए प्रति क्विंटल तथा औसत अच्छी किस्म के मक्का का समर्थन मूल्य 1870 रूपए प्रति क्विंटल का दर निर्धारित है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें