देश की खबरें | पुलिस की गोली लगने से घायल इनामी अपराधी की इलाज के दौरान मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पुलिस की गोली लगने से घायल हुए एक लाख रुपये के इनामी अपराधी की हापुड़ के एक अस्पताल में उपचार के दौरान रविवार को मौत हो गयी।
हापुड़ (उप्र), 29 जनवरी पुलिस की गोली लगने से घायल हुए एक लाख रुपये के इनामी अपराधी की हापुड़ के एक अस्पताल में उपचार के दौरान रविवार को मौत हो गयी।
मृतक अपराधी की पहचान मनोज भाटी के रूप में हुई है। उस पर एक लाख रुपये का इनाम था। वह दादरी का रहने वाला था और उसके खिलाफ 35 से अधिक मामले दर्ज थे।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने संवाददाताओं को बताया कि मृत अपराधी रणवीर भाटी गैंग का सदस्य था और उसका शूटर रह चुका है।
उन्होंने बताया, "वह (मनोज भाटी) 16 अगस्त 2022 को हापुड़ अदालत के बाहर गोलीबारी से संबंधित एक मामले में वांछित था, जिसमें सुनवाई के लिए हरियाणा से आए लाखन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।”
वर्मा ने बताया, “ उसके खिलाफ हत्या, जबरन वसूली और अन्य अपराधों में मामले दर्ज थे। पुलिस ने उसे तथा उसके साथी अंकित को शनिवार को हरियाणा से गिरफ्तार किया था।"
वर्मा ने बताया कि पुलिस भाटी को हथियार की बरामदगी के लिए एक राजमार्ग की ओर ले गई थी तभी उसने एक हेड कांस्टेबल की पिस्तौल छीन ली और गोलीबारी शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया, “गोलीबारी में सोमबीर नामक एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में चलाई गई गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)