देश की खबरें | ‘आप’ के राज में पंजाब की कानून-व्यवस्था खराब हुई : हिमाचल भाजपा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भाजपा की हिमाचल प्रदेश इकाई ने शनिवार को आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार के गठन के बाद से पंजाब की कानून-व्यवस्था खराब हो गई है।

शिमला, 11 जून भाजपा की हिमाचल प्रदेश इकाई ने शनिवार को आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार के गठन के बाद से पंजाब की कानून-व्यवस्था खराब हो गई है।

आप के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में एक सभा को संबोधित किए जाने के कुछ घंटे बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का यह बयान आया।

आप नेताओं ने मतदाताओं से अपील की कि यदि वे अपने बच्चों का उज्ज्वल भविष्य चाहते हैं, तो राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव में आप को एक मौका दें।

भाजपा के प्रदेश महासचिव त्रिलोक जामवाल ने कहा कि आप नेता हिमाचल प्रदेश में रैलियों को संबोधित कर रहे हैं, जबकि आप शासित पंजाब और दिल्ली में असामाजिक गतिविधियों में वृद्धि के कारण लोग समस्या का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब में सरेआम गोलीबारी की कई घटनाओं में गायक सिद्धू मूसेवाला और कुछ कबड्डी खिलाड़ियों सहित कई लोग मारे गए हैं। उन्होंने कहा कि मोहाली स्थित सीआईडी ​​के राज्य मुख्यालय पर भी रॉकेट चालित ग्रेनेड (आरपीजी) से हमला किया गया।

जामवाल ने कहा कि आप के राज में डकैती, चोरी और छिनैती की घटनाएं आम बात हो गई हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल का भ्रष्टाचार मुक्त शासन देने का दावा पूरी तरह से झूठा है क्योंकि दिल्ली और पंजाब में उनके मंत्री भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण पूछताछ का सामना कर रहे हैं।

भाजपा नेता ने दावा किया कि इसके उलट हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राज्य में भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें