देश की खबरें | कनाडा में पंजाबी सांसद निर्वाचित, पंजाब में जश्न का माहौल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कनाडा के संघीय चुनावों में लिबरल उम्मीदवार सुख धालीवाल के छठी बार सांसद चुने जाने पर पंजाब के सुजापुर गांव में जश्न का माहौल रहा।
चंडीगढ़, 29 अप्रैल कनाडा के संघीय चुनावों में लिबरल उम्मीदवार सुख धालीवाल के छठी बार सांसद चुने जाने पर पंजाब के सुजापुर गांव में जश्न का माहौल रहा।
धालीवाल पंजाब मूल के उन 20 से अधिक उम्मीदवारों में शामिल हैं जिन्हें मंगलवार को कनाडा के 'हाउस ऑफ कॉमन्स' के लिए चुना गया।
लिबरल पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतने वाले 64 वर्षीय धालीवाल ने सरे न्यूटन सीट पर कंजर्वेटिव पार्टी के हरजीत सिंह गिल को हराया। धालीवाल इससे पहले 2011, 2015, 2019 और 2021 में भी सरे न्यूटन से सांसद रह चुके हैं।
सुजापुर गांव में ढोल-नगाड़ों के साथ नाच-गाना हुआ और मिठाइयां बांटी गईं।
उनके बड़े भाई ने कहा कि सुख धालीवाल आज भी अपने गांव से जुड़े हुए हैं।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने इसे पूरे गांव के लिए गर्व का क्षण बताया।
मोगा जिले से संबंध रखने वाले कंजर्वेटिव पार्टी के अमनप्रीत सिंह गिल और सुखमन गिल की जीत पर भी उनके गांवों में खुशी का माहौल रहा।
पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह और मोगा से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा ने दोनों को बधाई दी और उम्मीद जताई कि वे भारत-कनाडा संबंधों को और मजबूती देंगे।
वहीं, एसजीपीसी अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने जीत दर्ज करने वाले कनाडा के पंजाबी सांसदों को बधाई दी और इसे सिख समुदाय तथा पंजाबियों के लिए गौरव का क्षण बताया।
धामी ने लिबरल पार्टी और उसके नेता मार्क कार्नी को सत्ता में आने पर भी शुभकामनाएं दीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)