देश की खबरें | विधानसभा चुनाव घोषणापत्र में लोगों के सुझाव शामिल करने को पंजाब कांग्रेस ने अभियान शुरू किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की पंजाब इकाई ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र तैयार करने के वास्ते राज्य के लोगों से सुझाव लेने का अभियान मंगलवार को शुरू किया।

चंडीगढ़, 14 दिसंबर कांग्रेस की पंजाब इकाई ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र तैयार करने के वास्ते राज्य के लोगों से सुझाव लेने का अभियान मंगलवार को शुरू किया।

कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य और घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने यहां मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र का मसौदा 15 दिनों में पूरा हो जाएगा।

पंजाब विधानसभा चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने हैं।

बाजवा ने कहा कि कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला जैसे क्षेत्रों पर जोर देते हुए घोषणापत्र में केवल वही वादे किए जाएंगे, जो लागू होंगे।

'आवाज पंजाब दी' अभियान के तहत पार्टी आगामी चुनाव के घोषणापत्र के लिए राज्य के लोगों से सुझाव लेगी।

कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष रोहन गुप्ता ने कहा, “कांग्रेस पार्टी अन्य दलों की तरह राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दों का राजनीतिकरण करने के बजाय जमीनी स्तर पर लोगों की समस्याओं को सुनने और उन्हें हल करने में विश्वास करती है।”

उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत एक विशेष टोल फ्री नंबर शुरू किया जा रहा है, जहां मिस्ड कॉल दी जा सकती है।

गुप्ता ने कहा कि संबंधित व्यक्ति को यह जानने के लिए एक संदेश मिलेगा कि वह सुझाव कहां साझा कर सकता है।

बाजवा ने चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की प्रशंसा की, जिसने कम समय में कई "जन-हितैषी" निर्णय लिए।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कमेटी पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी दोनों के सुझावों को घोषणापत्र में शामिल करेगी।

उन्होंने कहा, “हम कांग्रेस के मॉडल को शामिल करने जा रहे हैं। हम सीएम साहब और प्रधान साहब (पंजाब कांग्रेस प्रमुख) के सुझावों को शामिल करेंगे।”

यह पूछे जाने पर कि क्या वह खुद राज्य का चुनाव लड़ेंगे, बाजवा ने ‘हां’ में जवाब दिया। जब यह पूछा गया कि वह किस सीट से चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने कहा, “आपको पता चल जाएगा।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें