ताजा खबरें | प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा संविधान बदल देंगे: राहुल गांधी

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुये कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि पार्टी अगर 2024 का लोकसभा चुनाव जीतती है तो वह संविधान बदल देगी।

अमृतसर, 25 मई भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुये कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि पार्टी अगर 2024 का लोकसभा चुनाव जीतती है तो वह संविधान बदल देगी।

पंजाब के अमृतसर लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार गुरजीत सिंह औजला के समर्थन में प्रदेश में पहली चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यह चुनाव सामान्य नहीं हैं।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके राहुल ने कहा, “इस चुनाव में (प्रधानमंत्री) नरेन्द्र मोदी जी और भाजपा के वरिष्ठ नेता संविधान पर हमला कर रहे हैं। स्वतंत्र भारत के इतिहास में यह पहला मौका है, जब भाजपा नेताओं ने खुले तौर पर कहा है कि अगर वे चुनाव जीत गए तो वे संविधान को बदल देंगे, रद्द कर देंगे, खत्म कर देंगे और फेंक देंगे।”

उन्होंने कहा कि चुनाव दो विचारधाराओं की लड़ाई है।

राहुल ने कहा, “एक तरफ नरेन्द्र मोदी जी और भाजपा के लोग हैं जो इसे (संविधान) खत्म करना चाहते हैं और दूसरी तरफ कांग्रेस है जो संविधान की रक्षा कर रही है।”

उन्होंने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने आरोप लगाया कि पिछले 10 सालों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के किसानों के लिए कुछ नहीं किया।

अब निरस्त कर दिये गये कृषि कानूनों का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा, “आप पर हमला किया गया और वे तीन काले कानून लेकर आए”।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब देश के किसानों ने कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन किया तो उन्हें “आतंकवादी” कहा गया।

कांग्रेस नेता ने कहा कि ‘इंडियन नेशनल डेवलमपेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के सत्ता में आने के बाद किसानों का ऋण माफ किया जाएगा।

उन्होंने कहा, “यह एक बार की बात नहीं होगी। हम एक समूह बनाएंगे जो किसानों की वित्तीय स्थिति का अध्ययन करेगा। जब भी इस देश के किसानों को कर्ज माफी की जरूरत होगी, ‘इंडिया’ सरकार कर्ज माफ करेगी। सिर्फ एक बार नहीं, बल्कि कई बार - हम ऐसा करने के लिए तैयार हैं।”

उन्होंने न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कानूनी गारंटी देने की भी बात कही।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

\