देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी अगले सप्ताह मॉरीशस जाएंगे, राष्ट्रीय दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 11 मार्च से मॉरीशस की दो दिवसीय राजकीय यात्रा करेंगे और इस देश के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
नयी दिल्ली, सात मार्च प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 11 मार्च से मॉरीशस की दो दिवसीय राजकीय यात्रा करेंगे और इस देश के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि इस यात्रा के दौरान दोनों पक्षों के बीच कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान किया जाएगा।
मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा भारत और मॉरीशस के बीच मजबूत और स्थायी संबंधों की पुष्टि करेगी और सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने की दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को मजबूत करेगी।
उसने बताया कि भारतीय नौसेना के एक पोत के साथ भारतीय रक्षा बलों की एक टुकड़ी भी इस समारोह में भाग लेगी।
मोदी मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम के निमंत्रण पर मॉरीशस की यात्रा करेंगे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपने साप्ताहिक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में भाग लेने के लिए 11 और 12 मार्च को मॉरीशस की राजकीय यात्रा करेंगे।’’
मॉरीशस का राष्ट्रीय दिवस समारोह 12 मार्च को मनाया जाएगा।
मोदी ने इससे पहले 2015 में मॉरीशस गए थे।
जायसवाल ने बताया कि मोदी मॉरीशस के राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे, प्रधानमंत्री के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा वह देश के वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों और राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ भी बैठक करेंगे।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री भारतीय मूल के समुदाय के सदस्यों के साथ बातचीत भी करेंगे तथा भारत की अनुदान सहायता से निर्मित सिविल सेवा कॉलेज और क्षेत्रीय स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन करेंगे।’’
पश्चिमी हिंद महासागर में स्थित मॉरीशस के साथ भारत के घनिष्ठ एवं दीर्घकालिक संबंध हैं।
विशेष संबंधों का एक प्रमुख कारण यह तथ्य है कि मॉरीशस की 12 लाख की आबादी में लगभग 70 प्रतिशत भारतीय मूल के लोग हैं।
भारत 2005 से मॉरीशस के सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों में से एक रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)