देश की खबरें | कश्मीर में पंचायत नेताओं ने बिरला से अतिरिक्त सुरक्षा के लिए किया आग्रह

पहलगाम (जम्मू कश्मीर), 30 अगस्त कश्मीर में सरपंचों पर हाल के हमलों के मद्देनजर, स्थानीय पंचायत नेताओं ने सोमवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से अतिरिक्त सुरक्षा और वाहनों के लिए अनुरोध किया।

घाटी के चार दिवसीय दौरे पर आये बिरला ने सोमवार को पहलगाम का दौरा किया और पंचायत नेताओं से बातचीत की।

बिरला ने उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और कहा कि वह जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल को उनकी चिंताओं से अवगत कराएंगे। लोकसभा अध्यक्ष ने पंचायत नेताओं को संसद की कार्यवाही देखने के लिए आने का न्योता भी दिया।

जिला विकास परिषद (डीडीसी) अध्यक्ष, अनंतनाग, मोहम्मद यूसुफ गोरसी ने बिरला का उनसे मिलने के लिए आभार व्यक्त किया और अनंतनाग आने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, ‘‘हम दक्षिण कश्मीर में हैं, जहां सुरक्षा का खतरा बहुत अधिक है। हमें केवल दो सुरक्षा गार्ड दिए गए हैं, जो बारी-बारी से काम करते हैं। यह अजीब है कि हमारी सुरक्षा का स्तर जम्मू के समान ही है।’’

दशनीपुरा के डीडीसी के सदस्य निहार अहमद मीर ने भी इसी तरह की भावनाओं को व्यक्त करते हुए कहा कि जम्मू में सुरक्षा की स्थिति कश्मीर से अलग है। उन्होंने कहा, ‘‘हमें अधिक सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए क्योंकि हम लगातार खतरे में हैं। साथ ही, हमें वाहन भी दिए जाने चाहिए क्योंकि इलाका पहाड़ी है।’’

कुछ पंचायत नेताओं ने तालिबान के अफगानिस्तान के नियंत्रण के मद्देनजर सुरक्षा खतरा बढ़ने की आशंका भी व्यक्त की। हालांकि, अधिकारियों ने ऐसी किसी भी संभावना को खारिज कर दिया।

पहलगाम बीडीसी अध्यक्ष जेरेना अख्तर (22) ने पीटीआई- से कहा कि सभी पंचायत नेताओं को पहलगाम के एक होटल में ठहरने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘हम दो दिन पहले पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचित करने के बाद ही यात्रा कर सकते हैं, लेकिन हमें वापस आकर होटल में रहना होगा।’’ हालांकि, उन्होंने कहा कि यह सब उनकी सुरक्षा के लिए किया जा रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)