चंडीगढ़, 29 नवंबर हरियाणा के कृषि मंत्री जे पी दलाल पर निशाना साधते हुए विपक्षी दलों ने बुधवार को आरोप लगाया कि उन्होंने कृषि कानून (जो अब निरस्त किया जा चुका है) के खिलाफ आंदोलन करने वाले किसान नेताओं के बारे में विवादास्पद टिप्पणी की है, जो निंदनीय है।
भिवानी जिले में रविवार को हुये एक कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर टिप्पणी करने का दलाल का एक वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर सामने आया।
वीडियो में, दलाल हिंदी में कह रहे हैं कि ‘‘कुछ लोग यहां बैठते थे... कुछ आपराधिक मामलों का सामना कर रहे थे... कुछ ने गलत काम किए। कुछ की पत्नियां दूसरों के साथ भाग गईं... यहां तक कि उनकी पत्नियां भी उनकी बात नहीं सुनती थीं और फिर भी वे पूरे किसान समुदाय की जिम्मेदारी ले रहे थे।’’
दलाल की टिप्पणी पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा, ‘‘भारतीय और हरियाणा की संस्कृति हमें सिखाती है कि सभी बहनें और बेटियां हमारे लिए सम्माननीय हैं। लेकिन राजनीतिक कुंठा निकालने के लिए महिलाओं के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करना अस्वीकार्य है।’’
हरियाणा से आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता अशोक तंवर ने कहा, ‘‘वे (गठबंधन सरकार) किसान परिवारों की महिलाओं का अपमान कर रहे हैं।’’
जींद जिले में बुधवार को कुछ किसानों ने दलाल का पुतला फूंका।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY