देश की खबरें | भाजपा जैसी साम्प्रदायिक ताकतों को केवल कांग्रेस परास्त कर सकती है: इमरान प्रतापगढ़ी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी ने रविवार को यहां कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जैसी सांप्रदायिक ताकतों को केवल कांग्रेस ही परास्त कर सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के तहत संविधान और लोकतंत्र खतरे में है।

मुंबई, 27 मार्च अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी ने रविवार को यहां कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जैसी सांप्रदायिक ताकतों को केवल कांग्रेस ही परास्त कर सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के तहत संविधान और लोकतंत्र खतरे में है।

प्रतापगढ़ी कांग्रेस प्रदेश इकाई प्रमुख नाना पटोले और मंत्री एवं मुंबई विधायक असलम शेख की मौजूदगी में कांग्रेस के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की समीक्षा बैठक में बोल रहे थे।

कांग्रेस पार्टी के एक बयान में प्रतापगढ़ी के हवाले से कहा गया है, ‘‘हमारे सामने देश को सांप्रदायिक ताकतों से बचाने की एक बड़ी चुनौती है। यह लड़ाई आसान नहीं है, लेकिन ऐसी ताकतों को हराने की ताकत केवल कांग्रेस में है और इसलिए, (सभी को) कांग्रेस के झंडे के नीचे एकसाथ आना चाहिए।’’

प्रतापगढ़ी ने किसी का नाम लिए बिना आरोप लगाया कि कर्नाटक के एक भाजपा मंत्री ने तिरंगे को "बदलने" के बारे में बात की और देश में इसके खिलाफ एक भी शब्द नहीं कहा गया। उन्होंने दावा किया कि यह ‘‘बहुत खतरनाक’’ है।

प्रतापगढ़ी का इशारा परोक्ष तौर पर कर्नाटक के मंत्री के एस ईश्वरप्पा के 9 फरवरी के उस दावे की ओर था कि भविष्य में 'भगवा ध्वज' राष्ट्रीय ध्वज बन सकता है।

कर्नाटक के मंत्री ने हालांकि यह भी कहा था कि तिरंगा राष्ट्रीय ध्वज है और इसका सभी को सम्मान करना चाहिए।

बयान के अनुसार प्रतापगढ़ी ने कहा, ‘‘देश को बचाने की लड़ाई में सभी को एकसाथ आना चाहिए। सिर्फ चार लोग देश चला रहे हैं। दो देश बेच रहे हैं, दो इसे खरीद रहे हैं और चारों गुजराती हैं।’’

पटोले ने कहा कि भाजपा की विचारधारा समुदायों को बांटने और शासन करने की है, जो वह पिछले आठ वर्षों से (केंद्र में सत्ता में) कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\