देश की खबरें | ओडिशा रेल हादसा : रेलवे ने सीबीआई जांच की सिफारिश की, दो रेल पटरियों की मरम्मत पूरी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. रेलवे ने रविवार को बालासोर ट्रेन दुर्घटना की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच की सिफारिश की है । इससे कुछ घंटे पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा था कि भीषण रेल हादसे के ‘मूल कारण’ का पता चल गया है और इस ‘आपराधिक कार्रवाई’ के जिम्मेदार लोगों की पहचान कर ली गई है।

बालासोर/नयी दिल्ली, चार जून रेलवे ने रविवार को बालासोर ट्रेन दुर्घटना की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच की सिफारिश की है । इससे कुछ घंटे पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा था कि भीषण रेल हादसे के ‘मूल कारण’ का पता चल गया है और इस ‘आपराधिक कार्रवाई’ के जिम्मेदार लोगों की पहचान कर ली गई है।

रेलवे अधिकारियों ने ट्रेन हादसे में एक तरह से चालक की गलती और प्रणाली की खराबी की संभावना से इनकार किया तथा संभावित ‘तोड़फोड़’ और ‘इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग’ प्रणाली से छेड़छाड़ का संकेत दिया।

उधर, बालासोर जिले के बाहानगा बाजार में शुक्रवार को हुए भीषण रेल हादसे के बाद, पूर्वी एवं दक्षिण भारत को जोड़ने वाली मुख्य ‘ट्रंक लाइन’ से रेलगाड़ियों के क्षतिग्रस्त डिब्बे हटा दिये गये हैं तथा ट्रेन सेवा बहाल करने के लिए दो रेल पटरियों को दुरुस्त कर दिया गया है।

रेलवे बोर्ड ने बालासोर ट्रेन दुर्घटना की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जांच की सिफारिश की है जिसमें अब तक 275 लोगों की मौत हो चुकी है।

इस बीच, कई विपक्षी दलों ने रेल मंत्री वैष्णव के इस्तीफे के लिए दबाव बढ़ा दिया जबकि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘‘ऊपर से नीचे तक जवाबदेही’’ तय करने का आह्वान किया। वहीं, भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस नीत संप्रग सरकार के रेल मंत्रियों का ‘‘कार्यकाल’’ किसी ‘‘आपदा’’ से कम नहीं था और उन्हें इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए।

रेलगाड़ियों को टकराने से बचाने वाली ‘कवच’ प्रणाली को लेकर छिड़ी बहस के बीच कांग्रेस ने रेल मंत्री से इस्तीफे की मांग की और सवाल किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार इस बहुप्रचारित प्रणाली को देशभर में कब लागू करेगी।

वैष्णव ने कहा कि रेल हादसे का ‘कवच’ प्रणाली से कोई लेना-देना नहीं है।

रेलवे अपने नेटवर्क में ‘कवच’ प्रणाली उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में है, ताकि रेलगाड़ियों के आपस में टकराने से होने वाले हादसों को रोका जा सके।

रेल मंत्री वैष्णव ने कहा कि दुर्घटना के ‘ मूल कारण’ का पता लगा लिया गया है और इसके लिए जिम्मेदार ‘अपराधियों’ की पहचान कर ली गई है।

बालासोर जिले में दुर्घटनास्थल पर उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ यह (हादसा) इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग और प्वाइंट मशीन में किए गए बदलाव के कारण हुआ।’’

वैष्णव केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ दुर्घटनास्थल पर डेरा डाले हुए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे की वजह रेलवे सिग्नल के लिए अहम उपकरण ‘प्वाइंट मशीन’ और ‘इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग’ प्रणाली से संबंधित है।

वैष्णव ने कहा कि ‘इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग’ में किए गए उस बदलाव की पहचान कर ली गई है जिसके कारण यह हादसा हुआ।

उन्होंने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘ ‘प्वाइंट मशीन’ की सेटिंग में बदलाव किया गया है। यह कैसे और क्यों किया गया, इसका खुलासा जांच रिपोर्ट में किया जाएगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now