देश की खबरें | उत्तराखंड के अस्पताल में मजदूरों से मिले ओडिशा के श्रम मंत्री

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के श्रम मंत्री शारदा प्रसाद नायक ने बुधवार को राज्य के उन पांच श्रमिकों से मुलाकात की, जिन्हें उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में सुरंग के ढहे हुए हिस्से से सुरक्षित बाहर निकाला गया है।

भुवनेश्वर, 29 नवंबर ओडिशा के श्रम मंत्री शारदा प्रसाद नायक ने बुधवार को राज्य के उन पांच श्रमिकों से मुलाकात की, जिन्हें उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में सुरंग के ढहे हुए हिस्से से सुरक्षित बाहर निकाला गया है।

नायक ने उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ अस्पताल में मजदूरों से मुलाकात की, जहां उन्हें निगरानी में रखा गया है। ओडिशा के श्रम मंत्री पिछले कुछ दिनों से उत्तरकाशी में डेरा डाले हुए हैं।

ओडिशा के श्रम आयुक्त ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''श्रम और ईएसआई मंत्री ने सिलक्यारा सुरंग से बाहर निकाले गए ओडिशा के पांच श्रमिकों से उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ अस्पताल में मुलाकात की। सभी श्रमिक बिल्कुल ठीक हैं।''

श्रम विभाग के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि बाहर निकाले गए मजदूरों की चिकित्सा जांच पूरी होने के बाद जल्द ही उन्हें ओडिशा वापस लाया जाएगा।

उत्तराखंड के ब्रह्मखाल-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सिलक्यारा सुरंग में करीब 17 दिनों से फंसे सभी 41 मजदूरों को मंगलवार शाम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इन 41 मजदूरों में पांच मजदूर ओडिशा के रहने वाले हैं, जिनमें मयूरभंज जिले के राजू नायक, धीरेन नायक और विश्वेश्वर नायक, नबरंगपुर के भगवान बत्रा और भद्रक जिले के तपन मंडल शामिल हैं।

राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुदाम मरांडी ने कहा, ''मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के दिशा-निर्देश पर हमारे श्रम विभाग के अधिकारी वहां मौजूद हैं। सुरंग में फंसे मजदूरों को नैतिक समर्थन देने के लिए ओडिशा सरकार उनके परिवार के सदस्यों को उत्तरकाशी ले गई थी।''

मजदूरों को सुरंग से बाहर निकाले जाने की खबर मिलते ही पांचों मजदूरों के गांव के लोग खुशी से झूम उठे। गांव वालों ने इस अभियान में शामिल सभी एजेंसियों को धन्यवाद दिया।

सुरंग से बाहर निकाले गए मजदूरों के परिवार के सदस्य अब उनके घर लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। विश्वेश्वर नायक के पिता ने कहा, ''मुझे यह जानकर राहत मिली कि मेरे बेटे को बाहर निकाल लिया गया है। मैंने बुधवार सुबह उससे फोन पर बात की और उसके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। मैं अब उसे देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now