देश की खबरें | एनएचआईडीसीएल ने अरूणाचल प्रदेश में लीकाबाली-बसर मार्ग की मरम्मत कर यातायात बहाल किया

ईटानगर, 13 अगस्त अरूणाचल प्रदेश में पिछले दो दिनों से भारी बारिश होने के कारण भीषण भूस्खलन होने पर क्षतिग्रस्त हुए लीकाबाली-बसर मार्ग की मरम्मत कर रविवार को उसपर राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) ने यातायात बहाल कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि भूस्खलन के कारण लीकाबाली-बसर मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था। लेपरादा जिले में मार्ग का करीब आठ किलोमीटर हिस्सा भूस्खलन की चपेट में आ गया था तथा इस अहम मार्ग का एक हिस्सा पानी की तेज धार में बह गया था। यह मार्ग इस पूर्वोत्तर राज्य के कई जिलों को आपस में जोड़ता है।

जिले के अधिकारियों ने बताया कि इगो पुल की ओर जाने वाली सड़क भी भूस्खलन के चलते धंस गयी है, लेकिन जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।

लेपरादा के जिला प्रशासन ने शनिवार को एनएचआईडीसीएल को प्राथमिकता के आधार पर इस मार्ग की मरम्मत करने और यातायात बहाल करने का निर्देश दिया था।

जिला प्रशासन ने लोगों से भी एनएचआईडीसीएल से मंजूरी मिलने तक इस मार्ग से यात्रा नहीं करने का अनुरोध किया था।

जिला पंचायत विकास अधिकारी गामतुम पाडू की अगुवाई में एक टीम मरम्मत कार्य की निगरानी तथा फंसे हुए लोगों की मदद करने के लिए मौके पर मौजूद थी।

एनएचडीसीएल के महाप्रबंधक मधुसूदन शर्मा ने बताया कि लीकाबाली-बसर-आलो मार्ग पर शनिवार को भूस्खलन की कम से कम 25 घटनाएं होने की खबर है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)