देश की खबरें | दिल्ली विश्वविद्यालय में नए सत्र की शुरुआत हुई, छात्रों का गर्मजोशी से किया गया स्वागत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में बृहस्पतिवार को शैक्षणिक सत्र 2024-25 की शुरूआत हो गईं।
नयी दिल्ली, 29 अगस्त दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में बृहस्पतिवार को शैक्षणिक सत्र 2024-25 की शुरूआत हो गईं।
सत्र शुरू होने पर स्नातक छात्रों के नए बैच का स्वागत जीवंत पोस्टरों, रैगिंग विरोधी अभियानों और हस्ताक्षर अभियानों के साथ किया गया।
उत्साहित छात्रों के अपने अभिभावकों के साथ कॉलेज जाने के कारण उत्तरी परिसर के आसपास की सड़कों पर भारी जाम था।
कॉलेजों के बाहर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे, जबकि अंदर स्वयंसेवकों और वरिष्ठ छात्रों ने नए छात्रों का चॉकलेट तथा फूल भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।
हंसराज कॉलेज में बीए (ऑनर्स) अंग्रेजी में प्रवेश पाने वाली छात्रा अंजलि ने कहा, "मैं बहुत खुश हूं कि आखिरकार मैंने अपनी पसंद के कॉलेज में प्रवेश ले ही लिया।"
उन्होंने कहा, "जब संयुक्त विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा-स्नातक (सीयूईटी) के नतीजों में देरी हुई तो मैं काफी तनाव में थी। मैं कॉलेज जीवन शुरू करने के लिए उत्सुक थी। कॉलेज के बारे में मेरी पहली धारणा अच्छी है और मुझे उम्मीद है कि यह आगे भी ऐसा ही रहेगी।"
हंसराज कॉलेज में बीए (ऑनर्स) अर्थशास्त्र की पढ़ाई करने वाले एक अन्य छात्र उदय सैनी की मां राधा सैनी ने कहा, "हमें खुशी है कि हमारे बच्चे को यहां प्रवेश मिल गया है। यह एक अच्छा कॉलेज है और मुझे उम्मीद है कि वह अच्छे से पढ़ाई करेगा।"
इस साल दिल्ली विश्वविद्यालय के 69 कॉलेजों में विभिन्न स्नातक कार्यक्रमों में 65,000 से अधिक छात्रों ने प्रवेश प्राप्त किया है। विश्वविद्यालय में 1,500 से अधिक स्नातक कार्यक्रम उपलब्ध हैं, जिनमें कुल 71,600 स्वीकृत सीट हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)