देश की खबरें | वर्ष 2026 तक हर छत पर सौर पैनल लगाने का एनडीएमसी ने रखा लक्ष्य

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) की मंगलवार को अपनी परिषद की पहली बैठक की, जिसमें 2026 तक 100 प्रतिशत सौर ऊर्जा को अपनाने सहित नगर निकाय की प्रमुख पहलों पर ध्यान केंद्रित किया गया।

नयी दिल्ली, 11 मार्च दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) की मंगलवार को अपनी परिषद की पहली बैठक की, जिसमें 2026 तक 100 प्रतिशत सौर ऊर्जा को अपनाने सहित नगर निकाय की प्रमुख पहलों पर ध्यान केंद्रित किया गया।

एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए घोषणा की कि नगर परिषद सौर ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा दी जाने वाली सब्सिडी के बराबर सब्सिडी प्रदान करेगा।

चहल ने कहा, ‘‘आने वाले दिनों में एनडीएमसी क्षेत्र के अंतर्गत हर छत पर सौर पैनल लगाए जाएंगे और परिषद की अगली बैठक में इस पर अंतिम निर्णय लिए जाने की संभावना है। 2026 तक एनडीएमसी को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा गया है।’’

उन्होंने कहा कि अन्य उपायों के तहत अब पांच और स्थानों पर रात में साफ-सफाई की व्यवस्था की जाएगी। अभी तक खान मार्केट में यह व्यवस्था शुरू की जा चुकी है।

चहल ने कहा कि अनुबंध संबंधी दायित्वों को पूरा करने में विफल रहने वाली एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। खामियों की पहचान करने और उन्हें दूर करने के लिए एक समिति बनाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि नगरपालिका परिषद के सदस्य व्यक्तिगत रूप से ग्रीष्मकालीन कार्य योजना की निगरानी करेंगे, जिसमें जलभराव की समस्या को कम करने के लिए वर्षा जल संचयन भी शामिल है। इसके अलावा, अतिक्रमण के खिलाफ भी सख्ती से अभियान चलाया जाएगा।

सांसद बांसुरी स्वराज ने एनडीएमसी के नवनिर्वाचित सदस्यों प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और दिल्ली छावनी विधायक वीरेंद्र सिंह कादियान को शपथ दिलाई।

दिल्ली में हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में वर्मा ने भाजपा उम्मीदवार के रूप में नयी दिल्ली सीट से जीत हासिल की थी, जबकि कादियान आम आदमी पार्टी (आप) के प्रत्याशी के रूप में दिल्ली कैंट से विजयी रहे थे। बांसुरी स्वराज एनडीएमसी की सदस्य भी हैं।

वर्मा के कार्यालय से जारी एक आधिकारिक बयान में नगर निकाय की अन्य योजनाओं का विवरण दिया गया, जिसमें 34 क्लस्टर में 9,000 नए जल कनेक्शन लगाने की परियोजना भी शामिल है, जिससे छह महीने के भीतर 47,000 निवासियों को लाभ मिलेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें