ताजा खबरें | अल्पसंख्यक मंत्रालय ‘बंद करने’ के कांग्रेस सांसद के तंज पर नकवी बोले: आपका सुझाव आपको मुबारक
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद ने अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के बजट को लेकर सरकार पर कटाक्ष करते हुए बृहस्पतिवार को लोकसभा में कहा कि इस मंत्रालय को बंद क्यों नहीं कर देते। इसके जवाब में अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि ‘आपका सुझाव आपको मुबारक हो।’
नयी दिल्ली, 24 मार्च कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद ने अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के बजट को लेकर सरकार पर कटाक्ष करते हुए बृहस्पतिवार को लोकसभा में कहा कि इस मंत्रालय को बंद क्यों नहीं कर देते। इसके जवाब में अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि ‘आपका सुझाव आपको मुबारक हो।’
नकवी ने यह भी कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार पूर्व की कांग्रेस नीत संप्रग सरकार की विरासत ढो रही है।
बिहार के किशनगंज से लोकसभा सदस्य जावेद ने प्रश्नकाल के दौरान अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय से संबंधित पूरक प्रश्न पूछने के दौरान सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा, ‘‘कल सदन में महुआ मोइत्रा (तृणमूल सांसद) ने कहा था कि 10 हजार करोड़ रुपये के बजट वाले नागर विमानन मंत्रालय को बंद क्यों नहीं कर दिया जाए? मैं आज यह कहना चाहता हूं कि अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय का बजट पांच हजार करोड़ रुपये है, जबकि देश का बजट 22 लाख करोड़ रुपये का है, ऐसे में यह अल्पसंख्यक कार्य विभाग बंद क्यों नहीं कर देते?’’
जावेद ने आरोप लगाया कि सरकार अल्पसंख्यकों के बारे में सिर्फ बोलती है, करती कुछ नहीं है।
इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि कोई भी योजना होती है तो बजट तो सबके काम आता है...‘‘हम सदन में सभी जाति धर्म विकास की बात करें, लेकिन विषय का ध्यान रखें।’’
जावेद की बात का जवाब देते हुए नकवी ने कहा, ‘‘अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय मोदी सरकार ने नहीं बनाया है। हम तो आपकी विरासत को ढो रहे हैं। आपने सदन के पटल पर अच्छा सुझाव दिया है...लेकिन यह आपका अपना सुझाव है, आपको मुबारक हो।’’
द्रमुक सांसद ए राजा के पूरक प्रश्न के उत्तर में नकवी ने कहा, ‘‘पहले अल्पसंख्यकों का तुष्टीकरण होता था, लेकिन विकास नहीं होता था। हमने अल्पसंख्यकों के विकास को देश के विकास के साथ जोड़ा है...यूपीएससी के नतीजे देख लीजिए तो पता चल जाएगा कि हमने क्या प्रयास किए हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)