देश की खबरें | विकृत व्यक्ति ने मानव बलि के लिए दंपत्ति के अतार्किक डर का दोहन किया: एर्णाकुलम पुलिस प्रमुख

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. एर्णाकुलम के पुलिस आयुक्त सी नागराजू ने बुधवार को कहा कि पथनमथिट्टा के एलानथूर में दो महिलाओं की कथित ‘बलि’ के मामले का मुख्य आरोपी मोहम्मद शफी एक विकृत व्यक्ति है।

कोच्चि (केरल), 12 अक्टूबर एर्णाकुलम के पुलिस आयुक्त सी नागराजू ने बुधवार को कहा कि पथनमथिट्टा के एलानथूर में दो महिलाओं की कथित ‘बलि’ के मामले का मुख्य आरोपी मोहम्मद शफी एक विकृत व्यक्ति है।

उन्होंने कहा कि शफी एक हिस्ट्री शीटर है और उसने आरोपी दंपति के अतार्किक भय का दोहन करते हुए स्वांग रचा कि मानव बलि से उनकी वित्तीय परेशानियां दूर हो जाएंगी।

नागराजू ने कहा कि कोच्चि के समीप एलाकुलम से पद्मा नामक एक महिला की गुमशुदगी की जांच के दौरान यह भयावाह अपराध सामने आया। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि शुरू में तो शफी पुलिस के साथ सहयोग करने में अनिच्छुक था लेकिन जब उसका आमना-सामना आरोपी दंपत्ति के बयान समेत सबूतों से कराया गया तब उसकी हिम्मत टूट गयी।

पुलिस आयुक्त ने कहा, ‘‘ हमारे पास जो चीज थी, वह एक महिला के शफी के साथ कार में सवार होने का सीसीटीवी दृश्य था। एक पुलिस दल ने वैज्ञानिक तरीका अपनाया तथा एलानथूर में घर तक जाने का उनका पता लगाया, दंपत्ति से पूछताछ की एवं समूची घटना से पर्दा हट गया।’’

उन्होंने कहा कि शफी के विरूद्ध चोरी, बलात्कार समेत कई अपराधों के मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 15 सालों में उसके विरूद्ध कम से कम 10 मामले दर्ज किये गये। बलात्कार के एक मामले में 75 साल की एक महिला के साथ बलात्कार किया गया तथा उसके शरीर के विभिन्न हिस्सों पर चाकू से वार किया गया। एलानथूर के इन मामले में दो पीड़ितों के गुप्तांगों पर इसी तरीके से घाव किया गया। ’’

आयुक्त ने कहा, ‘‘मूल रूप से वह विकृत व्यक्ति एवं परपीड़क है.... उसे दूसरों को चोट पहुंचाने, घायल करने एवं उनकी जान लेने में खुशी मिलती है। वह कुछ भी कहानी गढकर किसी को भी फंसा लेगा....।’’

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि तीनों ही आरोपी इन दोनों हत्याओं में सीधे सीधे शामिल रहे हैं लेकिन आरोपी दंपत्ति का अपराध का कोई इतिहास नहीं रहा है।

तीनों को आज सत्र न्यायालय में पेश किया गया और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि वह आगे की पूछताछ के लिए उनकी 14 दिनों की हिरासत मांगेगी। मंगलवार को तीनों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now