देश की खबरें | मप्र : मां की ‘‘खराब मानसिक हालत’’ की शिकायत पर दो वर्षीय बच्चे को पिता को सौंपा गया

इंदौर (मध्यप्रदेश), पांच मई इंदौर में बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) ने दो साल के बच्चे की सुरक्षा का हवाला देते हुए उसे शुक्रवार को उसकी मां से अलग कर "बचाया" और उचित देखभाल के लिए उसे उसके पिता को सौंप दिया। समिति की एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी।

सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष पल्लवी पोरवाल ने बताया कि बच्चे के पिता ने समिति को शिकायत की थी कि उसकी 31 वर्षीय पत्नी की मानसिक हालत कथित रूप से खराब है और उसके साथ रहने पर बच्चे को "जान को खतरा" है।

उन्होंने बताया कि यह महिला अपने पति से अलग रह रही है और दो साल का बच्चा भी उसके साथ ही रह रहा था।

पोरवाल ने बताया कि महिला के खिलाफ मिली शिकायत पर विस्तृत जांच के बाद सीडब्ल्यूसी ने किशोर न्याय (बच्चों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत बच्चे को ‘‘बचाया’’ और उसकी उचित सुरक्षा तथा देखभाल के लिए उसे उसके पिता को अस्थायी तौर पर सौंप दिया।

उन्होंने बताया कि बच्चे को बचाने की मुहिम में पुलिस और गैर सरकारी संस्था "चाइल्डलाइन" भी शामिल थी।

सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष ने बताया,‘‘जब हमने बच्चे को बचाया, तो उसके एक हाथ पर पलस्तर चढ़ा देखा। इस बारे में पूछे जाने पर उसने हमें बताया कि रसोई के प्लेटफॉर्म पर खेलते वक्त गिरने से उसे यह चोट आई है।"

पोरवाल ने बताया कि बच्चे की मां के खिलाफ मिली शिकायत पर जांच के तहत जब सीडब्ल्यूसी का दल एक मई को जब महिला के घर पहुंचा, तो उसने दल के साथ "अभद्र बर्ताव" किया था।

उन्होंने बताया कि सीडब्ल्यूसी ने छह महीने पहले बच्चे की मां को बुलाकर समझाया था कि वह अपनी संतान का ठीक से ध्यान रखे और अकेली रहने के बजाय अपने माता-पिता के साथ रहे ताकि बच्चे की उचित देखभाल हो सके।

हर्ष

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)