देश की खबरें | वायुसेना दिवस समारोह में 70 से अधिक सैन्य विमानों, हेलीकॉप्टर ने करतब दिखाये

चंडीगढ़, आठ अक्टूबर वायुसेना के 90वें स्थापना दिवस समारोह के तहत यहां 70 से अधिक सैन्य विमानों और हेलीकॉप्टर के शानदार प्रदर्शन ने शनिवार को दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘एयर शो’ में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि थीं।

यह प्रथम वार्षिक वायुसेना दिवस परेड और ‘फ्लाई पास्ट’ है, जिसका आयोजन दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के बाहर किया गया। समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए।

सुखना झील के ऊपर विमानों के आसमान में करतब दिखाने से पहले यहां एयरफोर्स स्टेशन में वायुसेना प्रमुख वी आर चौधरी की उपस्थिति में सुबह में एक पारंपरिक परेड का आयोजन किया गया।

चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार ने वायुसेना के अधिकारियों के लिए एक हाथियार प्रणाली शाखा का सृजन करने को मंजूरी दी है, जो उड़ान प्रशिक्षण में करीब 3,400 करोड़ रुपये की बचत करेगा।

मुर्मू के यहां पहुंचने पर उन्हें सलामी गारद दी गयी। राष्ट्रपति के तौर पर चंडीगढ़ की उनकी यह पहली यात्रा है।

‘एयर शो’ में वायुसेना प्रमुख, सेना के तीनों अंगों के वरिष्ठ सेवारत और सेवानिवृत्त अधिकारी भी शामिल हुए।

हाल में वायुसेना में शामिल किये गये हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर प्रचंड ने भी तीन विमानों की संरचना में आसमान में अपना शौर्य प्रदर्शित किया।

हल्के लड़ाकू विमान तेजस के साथ-साथ सुखोई, जगुआर, राफेल, आईएल-76, सी-130जे और हॉक भी फ्लाई पास्ट का हिस्सा थे।

अत्याधुनिक हल्के हेलीकॉप्टर ध्रुव, चिनूक, अपाचे और एमआई-17 ने भी हिस्सा लिया।

रक्षा मंत्री ने दिन में एक ट्वीट में कहा, ‘‘वायुसेना के सभी शूरवीरों एवं उनके परिवार को वायुसेना दिवस पर बधाई और शुभकामनाएं। वायुसेना अपने शौर्य एवं पराक्रम को लेकर जानी जाती है। भारत को वायुसेना के कर्मियों पर गर्व है।’’

वायुसेना दिवस के अवसर पर समारोह में पंजाब और हरियाणा के राज्यपाल क्रमश: बनवारीलाल पुरोहित और बंडारू दत्तात्रेय, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर और चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर भी उपस्थित थीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)