देश की खबरें | भारत में अब तक कोविड टीकों की 193.55 करोड़ से अधिक खुराकें लगाई गईं : सरकार

नयी दिल्ली, 31 मई देश में मंगलवार तक कोराना रोधी टीकों की 193.55 करोड़ से अधिक खुराकें लगाई जा चुकी हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी।

मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, मंगलवार को शाम सात बजे तक नौ लाख से ज्यादा खुराकें दी गईं। मंत्रालय ने बयान में कहा कि देर रात तक दैनिक अंतिम रिपोर्ट के संकलन के साथ इस संख्या के बढ़ने की उम्मीद है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 18-59 आयु वर्ग के लोगों को मंगलवार शाम सात बजे तक कोरोना रोधी टीकों की कुल 50,773 एहतियाती खुराकें दी गईं। इस आयु वर्ग के लोगों को अब तक कुल 23,31,769 एहतियाती खुराक दी गई हैं।

अब तक 12-14 आयु वर्ग के 3.40 करोड़ बच्चों को पहली खुराक दी जा चुकी है, जबकि 15-18 वर्ष के आयु वर्ग के 5.95 करोड़ किशोरों को पहली खुराक दी जा चुकी है।

देश भर में टीकाकरण अभियान 16 जनवरी 2021 को शुरू किया गया था, जिसमें पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया था। अग्रिम पंक्ति के कर्मियों का टीकाकरण पिछले साल दो फरवरी से शुरू हुआ था।

कोविड​​​​-19 टीकाकरण का दूसरा चरण एक मार्च 2021 को 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और 45 वर्ष और उससे अधिक आयु के बीमार लोगों के लिए शुरू हुआ था। 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए टीकाकरण अभियान एक अप्रैल 2021 को शुरू हुआ था।

पिछले साल एक मई से 18 साल से ऊपर के सभी लोगों को कोरोना रोधी टीके लगाने की अनुमति दी गई थी। 15-18 वर्ष आयुवर्ग के किशोरों का टीकाकरण इस साल तीन जनवरी को शुरू हुआ।

देश में इस साल 16 मार्च से 12-14 वर्ष की आयु के बच्चों का टीकाकरण शुरू किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)