नयी दिल्ली, पांच जून कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ‘पाखंड’ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने भारत में पर्यावरण एवं वन संबंधी सभी कानूनों को कमजोर कर दिया, फिर भी वह (मोदी) खुद को विश्व मंच पर पर्यावरण के पैरोकार के रूप में पेश कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वैश्विक पहल ‘‘पर्यावरण के लिए जीवनशैली अभियान (लाइफ) ’’ की शुरुआत किए जाने के बीच पूर्व पर्यावरण मंत्री रमेश ने यह टिप्पणी की।
पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश ने ट्वीट किया, ''आज विश्व पर्यावरण दिवस है, जो 1973 से मनाया जा रहा है। विश्वगुरु, ‘लाइफ’ अभियान की शुरुआत कर रहे हैं। यह पाखंड की चरम सीमा है, क्योंकि वह भारत में सभी पर्यावरण एवं वन कानूनों, विनियमों और संस्थानों को कमजोर कर रहे हैं, फिर भी वह (मोदी) खुद को पर्यावरण के पैरोकार के रूप में प्रस्तुत करते हैं।''
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भी प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘जलवायु परिवर्तन के बारे में उनकी समझ तब स्पष्ट रूप से सामने आ गई, जब उन्होंने घोषणा की कि ‘‘कोई जलवायु परिवर्तन नहीं हुआ है, बस 'हमारी सहनशीलता और आदतें' बदल गई हैं।''
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पर्यावरण दिवस पर ट्वीट किया, ‘‘हमारे पास केवल एक धरती है। आज और हर दिन धरती को बचाने में मदद करें।’’
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘जलवायु परिवर्तन हमारी जिंदगी को किस तरह प्रभावित कर रहा है, इसका एक उदाहरण इस साल की भयानक गर्म हवाएं थीं। इन गर्म हवाओं से किसानों, मछुआरों का नुकसान हुआ, जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। इसलिए, प्राथमिकता से प्रकृति के प्रति हमें अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY