नयी दिल्ली, 27 नवंबर तेल एवं गैस नियामक पीएनजीआरबी ने खुदरा सीएनजी और पाइप से रसोई गैस की आपूर्ति के लिए आमंत्रित बोली के नए दौर में मिजोरम को भी शामिल कर लिया है।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) ने एक नोटिस में कहा है कि सात भौगोलिक क्षेत्रों में शहरी गैस वितरण नेटवर्क के विकास के लिए 13 अक्टूबर को आमंत्रित बोलियों के क्रम में मिजोरम के लिए भी इलेक्ट्रॉनिक बोलियां मंगाई गई हैं।
गैस वितरण का लाइसेंस पाने के लिए बोली लगाने की आखिरी तारीख 23 फरवरी है।
पीएनजीआरबी ने सीएनजी की खुदरा बिक्री और पाइप से घरों और उद्योगों तक गैस पहुंचाने के लिए आयोजित 12वें शहरी गैस वितरण (सीजीडी) बोली दौर में अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मणिपुर, नगालैंड, सिक्किम और केंद्रशासित प्रदेशों जम्मू एवं कश्मीर और लद्दाख के सात भौगोलिक क्षेत्रों की पेशकश की थी।
उस समय मिजोरम को भी इस दौर में शामिल करने के लिए चिह्नित किया गया था लेकिन वहां पर विधानसभा चुनावों का ऐलान हो जाने से ऐसा नहीं हो पाया था। मिजोरम में सात नवंबर को मतदान संपन्न हो चुका है जिसके बाद उसे शहरी गैस वितरण के नए दौर में शामिल कर लिया गया है।
इस दौर के सफल होने पर अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह और लक्षद्वीप को छोड़कर देश का समूचा भौगोलिक क्षेत्र और आबादी तक गैस वितरण की पहुंच हो जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY