देश की खबरें | मंगलुरु पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए कुछ पाबंदियां लगाई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में सांप्रदायिक तनाव के चलते हत्या की कुछ घटनाओं के मद्देनजर मंगलुरु पुलिस आयुक्त एन. शशि. कुमार ने कानून व्यवस्था बनाये रखने के वास्ते कुछ पाबंदियां लगाई हैं।
मेंगलुरु (कर्नाटक), चार अगस्त कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में सांप्रदायिक तनाव के चलते हत्या की कुछ घटनाओं के मद्देनजर मंगलुरु पुलिस आयुक्त एन. शशि. कुमार ने कानून व्यवस्था बनाये रखने के वास्ते कुछ पाबंदियां लगाई हैं।
कुमार ने रात के समय पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में दोपहिया वाहन पर दूसरी पुरुष सवारी बैठाने पर प्रतिबंध लगाने का एक आदेश जारी किया है।
मंगलुरु में बृहस्पतिवार से लागू प्रतिबंध के मुताबिक, शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक 18 साल से कम उम्र के लोगों, बुजुर्गों और महिलाओं को इससे छूट दी गई है। यह प्रतिबंध आठ अगस्त तक लागू रहेगा।
आदेश के अनुसार, इस क्षेत्र में किसी को भी सार्वजनिक रूप से नारे लगाने, लोगों को भड़काने, नाम पुकारने, मंच पर प्रदर्शन करने और चित्र और पोस्टर प्रदर्शित करने की अनुमति नहीं होगी।
आदेश में यह भी कहा गया है कि एक स्थान पर पांच से अधिक लोगों के एकत्र होने, किसी भी प्रकार के हथियार या लाठी ले जाने, पटाखे फोड़ने, पुतले जलाने या पत्थर फेंकने पर भी प्रतिबंध रहेगा।
पुलिस ने सांप्रदायिक सद्भाव, शांति और सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने वाली किसी भी गतिविधि को भी प्रतिबंधित कर दिया है।
आदेश के मुताबिक, इस दौरान किसी भी निजी समारोह और रैलियों पर भी प्रतिबंध रहेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)