देश की खबरें | मप्र : मेफेड्रोन की अंतरराज्यीय तस्करी के मामले में नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. इंदौर में पुलिस ने मादक पदार्थ मेफेड्रोन (एमडी) की अंतरराज्यीय तस्करी के मामले में 37 वर्षीय नाइजीरियाई नागरिक को सोमवार को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
इंदौर (मध्यप्रदेश), पांच मई इंदौर में पुलिस ने मादक पदार्थ मेफेड्रोन (एमडी) की अंतरराज्यीय तस्करी के मामले में 37 वर्षीय नाइजीरियाई नागरिक को सोमवार को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेश कुमार त्रिपाठी ने संवाददाताओं को बताया कि गिरफ्तार नाइजीरियाई नागरिक की पहचान जैकब नानबुइके उग्वू (37) के रूप में हुई है।
अधिकारी ने बताया कि उग्वू एक होटल में खानसामे का काम करने के नाम पर नाइजीरिया से साल भर पहले भारत आया था और फिलहाल दिल्ली के कृष्णापुरी इलाके में रह रहा था।
त्रिपाठी ने बताया कि उग्वू को 36 ग्राम एमडी की अंतरराज्यीय तस्करी के मामले में गिरफ्तार दो लोगों से पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर दिल्ली पुलिस की मदद से पकड़ा गया।
उन्होंने बताया, “उग्वू अपने साथी तस्करों के जरिये देश भर में नशीले पदार्थों की आपूर्ति करता है। उससे पूछताछ के दौरान हमें तस्करी के मामले में एक अन्य नाइजीरियाई नागरिक की भूमिका के बारे में पता चला है। इस व्यक्ति की तलाश की जा रही है।”
डीसीपी ने बताया कि उग्वू के खिलाफ स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और विस्तृत जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)