खरगोन, 15 मार्च मध्यप्रदेश के खरगोन जिला अस्पताल परिसर में शनिवार को एक नवजात का क्षत-विक्षत शव मिला, जिसके पास दो कुत्ते घूम रहे थे।
पुलिस ने बताया कि यह घटना कुछ दिन पहले एक आवारा कुत्ते के मृत नवजात का शव मुंह में लेकर रीवा शहर की गलियों में दौड़ने का दुखद वीडियो वायरल होने के बाद सामने आई है।
पुलिस को संदेह है कि खरगोन अस्पताल के प्रसूति वार्ड में नवजात शिशु के जन्म के बाद किसी ने उसे सुनसान जगह पर फेंक दिया होगा और आवारा कुत्तों ने उसके शरीर को नोच डाला होगा।
जैतापुर पुलिस चौकी के उपनिरीक्षक सुदर्शन ने बताया कि क्षत-विक्षत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा, “जांच जारी है। हम प्रसूति वार्ड के कर्मचारियों से पूछताछ कर रहे हैं।”
खरगोन जिला अस्पताल के प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. डीएस चौहान के मुकाबिक, मामले की गहन जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि (अस्पताल में) कुत्तों के आतंक से निपटने के लिए नगर निगम अधिकारियों से संपर्क किया जाएगा।
अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि हाल ही में रीवा शहर के एक व्यस्त इलाके में एक आवारा कुत्ते को अपने मुंह में एक मृत नवजात को ले जाते हुए पाया गया था। रात में नवजात शिशु के शव को मुंह में लेकर गलियों में भागते कुत्ते का एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया था। वीडियो शहर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के जयस्तंभ चौक पर कबड्डी मोहल्ले के पास रिकॉर्ड किया गया था।
पुलिस ने बताया कि पिछले डेढ़ महीने में रीवा में यह तीसरी घटना है, जिसमें नवजात को फेंका गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY