नयी दिल्ली, 31 मई दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने मंगलवार को पेड़ों के रख-रखाव को लेकर हर दिल्लीवासी की चिंता को साझा करते हुए कहा कि सरकार ने तूफान के बाद पेड़ों के उखड़ने को गंभीरता से लिया है और इस मुद्दे का जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
राष्ट्रीय राजधानी में कल तेज हवाओं के कारण कई पेड़ उखड़ गए जिससे सड़कों पर यातायात में काफी परेशानी हुई। उपराज्यपाल ने ट्वीट किया, ‘‘मैं भी पेड़ों के रखरखाव और संरक्षण को लेकर दिल्ली के प्रत्येक निवासी की तरह चिंतित हूं और तूफान में उनके उखड़ने और टूटने से यातायात बाधित हो जाता है।’’
उन्होंने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा, ‘‘मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हमने मामले को गंभीरता से लिया है और जल्द से जल्द इसका समाधान करेंगे।’’
उपराज्यपाल के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि सक्सेना ने संबंधित विभागों को गहन समीक्षा और कारणों का समाधान करने के निर्देश दिए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो सके।
उपराज्यपाल कार्यालय की ओर से ट्वीट किया गया, ''कल आए तूफान के चलते पेड़ों के उखड़ने और उसके कारण हुई दिक्कतों को लेकर बेहद व्यथित और चिंतित उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने संबंधित विभागों को गहन समीक्षा और कारणों का समाधान करने के निर्देश दिए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो।''
इसने बाद के ट्वीट में कहा, ''विशेषज्ञों द्वारा पेड़ों के आधार/जड़ों के आसपास 'कंक्रीटीकरण' और हरित आवरण को बनाए रखने के लिए 'अवैज्ञानिक दृष्टिकोण'' अपनाए जाने को जिम्मेदार ठहराये जाने के मद्देनजर उपराज्यपाल ने कार्यभार संभालने के पहले दिन ही अधिकारियों को 45 फीट से अधिक ऊंचाई और सतह से 10 फीट ऊपर वाले पेड़ों की वैज्ञानिक तरीके से छंटाई का निर्देश दिया था।''
सोमवार को सक्सेना ने कुछ ऐसे स्थानों का दौरा किया था, जहां पेड़ उखड़ गए थे।
उपराज्यपाल ने ट्वीट किया, ‘‘शाम के तूफान के बाद कई स्थानों पर उखड़े पेड़, गिरी हुई शाखाएं और जलजमाव से व्यथित हूं। कुछ स्थानों का दौरा किया। अधिकारियों को निर्देश दिया कि मलबे को हटाने और सड़कों को तुरंत साफ करने के लिए तत्काल कदम उठाएं ताकि लोगों की असुविधा को कम किया जा सके।’’
राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार की शाम 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी आई और भारी बारिश हुई जिसके कारण दो लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। आंधी की वजह से कई पेड़ उखड़ गए, सड़क और हवाई यातायात बाधित हो गया और प्रतिष्ठित जामा मस्जिद सहित इमारतों और वाहनों को नुकसान पहुंचा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY