ताजा खबरें | लोकसभा : कांग्रेस, भाजपा सांसदों ने मादक पदार्थ की समस्या के खिलाफ मिलकर लड़ने की जरूरत बताई

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. लोकसभा में बुधवार को कांग्रेस सदस्य केसी वेणुगोपाल और भाजपा सदस्य अनुराग ठाकुर ने देश में मादक पदार्थों की बढ़ती समस्या को उजागर करते हुए इस संकट से निपटने के लिए सभी के मिलकर लड़ने की जरूरत बताई।

नयी दिल्ली, 12 मार्च लोकसभा में बुधवार को कांग्रेस सदस्य केसी वेणुगोपाल और भाजपा सदस्य अनुराग ठाकुर ने देश में मादक पदार्थों की बढ़ती समस्या को उजागर करते हुए इस संकट से निपटने के लिए सभी के मिलकर लड़ने की जरूरत बताई।

शून्यकाल में वेणुगोपाल ने देश में, खासकर अपने गृह राज्य केरल में मादक पदार्थों की समस्या का मुद्दा उठाया और कहा कि इसे लेकर सरकार तथा सभी संबंधित पक्षों को मिलकर काम करना होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘हर दिन सुबह हम मादक पदार्थों से जुड़े अपराधों की खबरें सुनते हैं। माता-पिता और शिक्षक परेशान हैं। समाज परेशान है।’’

वेणुगोपाल ने कहा कि पिछले दो महीने में ही केरल में मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में 63 हत्याएं हुई हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘बेटे मांओं की हत्या कर रहे हैं, भाई बहनों की हत्या कर रहे हैं।’’

कांग्रेस सदस्य ने फिल्मों में हिंसा को महिमामंडित करने पर रोक लगाने की जरूरत बताई और कहा कि इससे बच्चे प्रभावित होते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं केंद्र सरकार से, कानून प्रवर्तन एजेंसियों से, शिक्षकों, सामुदायिक नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं से अनुरोध करता हूं कि हाथ मिलाएं और तत्काल समग्र कदम उठाएं। हम अपने बच्चों को इस त्रासदी को झेलने के लिए नहीं छोड़ सकते। जनप्रतिनिधि के तौर पर हमें दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इन चिंताओं पर गंभीरता से ध्यान देना होगा।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्य अनुराग ठाकुर ने वेणुगोपाल की बातों का समर्थन किया।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने शून्यकाल में कहा, ‘‘जो विषय वेणुगोपाल जी ने उठाया, वह बहुत गंभीर है। मादक पदार्थां के प्रति एक मुहिम केंद्र सरकार, राज्य सरकारों के साथ समाज, हम सभी सांसदों और विधायकों को मिलकर चलानी चाहिए ताकि नशीले द्रव्यों को हम धरातल से खत्म कर सकें और अपने युवाओं को बचा सकें।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now