देश की खबरें | लॉरेंस बिश्नोई तीन दिन की हिरासत में, मूसेवाला की हत्या मामले में फिर पूछताछ होगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शस्त्र अधिनियम के एक मामले में तिहाड़ जेल से गिरफ्तार किये जाने के बाद कुख्यात अपराधी लॉरेंस बिश्नोई को मंगलवार को दिल्ली पुलिस की विशेष इकाई की हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब उससे पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के सिलसिले में फिर पूछताछ करेगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 31 मई शस्त्र अधिनियम के एक मामले में तिहाड़ जेल से गिरफ्तार किये जाने के बाद कुख्यात अपराधी लॉरेंस बिश्नोई को मंगलवार को दिल्ली पुलिस की विशेष इकाई की हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब उससे पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के सिलसिले में फिर पूछताछ करेगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ के एक दल ने सोमवार को भी तिहाड़ जेल में बिश्नोई से पूछताछ की थी, जिस पर करीब 60 मामले चल रहे हैं।
मूसेवाला की हत्या के सिलसिले में काला जठेड़ी और उसके सहयोगी काला राणा से भी पूछताछ की गयी। दोनों एक अलग मामले में पुलिस हिरासत में हैं।
अधिकारियों के अनुसार तिहाड़ जेल में बिश्नोई से पूछताछ के बाद उसे पटियाला हाउस अदालत में पेश किया गया और उसे उस मामले में पूछताछ के लिए तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया जिसमें पिछले महीने विशेष प्रकोष्ठ के साथ संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि गिरफ्तार अपराधियों ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया था कि उनसे मिले हथियार बिश्नोई ने उपलब्ध कराये थे।
बिश्नोई पर एक सरकारी अधिकारी पर हमले के संबंध में और शस्त्र अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं।
अधिकारी ने कहा, ‘‘बिश्नोई को पुलिस हिरासत में लिया गया है, इसलिए हम पंजाब में मूसेवाला की हत्या के सिलसिले में भी उससे पूछताछ करेंगे।’’
एक दिन पहले दिल्ली की एक अदालत ने बिश्नोई की उस अर्जी पर विचार करने से मना कर दिया था जिसमें जेल अधिकारियों को उसकी हिरासत पंजाब पुलिस को नहीं सौंपने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया था। पंजाब पुलिस को संदेह है कि बिश्नोई ने मूसेवाला की हत्या की साजिश रची थी।
बिश्नोई ने दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख किया है जो उसकी याचिका पर बुधवार को सुनवाई करेगा। बिश्नोई ने पंजाब पुलिस द्वारा फर्जी मुठभेड़ में अपनी हत्या किये जाने की आशंका व्यक्त की है।
जब बिश्नोई के वकील विशाल चोपड़ा से संपर्क किया गया तो उन्होंने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘लॉरेंस बिश्नोई को एक अलग मामले में तीन दिन की पुलिस रिमांड में लिया गया है। इसका मूसेवाला की हत्या के मामले से कोई लेनादेना नहीं है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)