देश की खबरें | मणिपुर में भूस्खलन : तीन और शव मिलने से मृतकों की संख्या 53 हुई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मणिपुर के नोनी जिले में 30 जून को भूस्खलन से तबाह हुए रेलवे निर्माण स्थल पर सोमवार को तीन और शव मिले। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

इंफाल, 11 जुलाई मणिपुर के नोनी जिले में 30 जून को भूस्खलन से तबाह हुए रेलवे निर्माण स्थल पर सोमवार को तीन और शव मिले। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इन शवों के मिलने से तुपुल निर्माण शिविर में हुए भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 53 हो गई है। अधिकारियों ने कहा कि आठ लोग अब भी लापता हैं और उनकी तलाश की जा रही है।

आपदा प्रबंधन मंत्री अवांगबो न्यूमई ने कहा, ‘‘जब तक सभी लोग नहीं मिल जाते, खोज अभियान जारी रहेगा।’’

उन्होंने कहा कि खोज एवं बचावकर्मियों को हो रही कठिनाइयों के मद्देनजर अभियान के लिए अतिरिक्त कर्मी उपलब्ध कराने के बारे में एक समीक्षा बैठक की जाएगी।

नोनी के उपायुक्त हौलियानलाल गुइटे ने कहा कि शवों की स्थिति खराब होने के कारण पहचान करने में मुश्किल हो रही है।

अधिकारियों ने बताया कि तलाश अभियान रोजाना सुबह चार बजे से शुरू होता है और मौसम अनुकूल रहने पर शाम छह बजे तक जारी रहता है।

उल्लेखनीय है कि रेलवे निर्माण स्थल पर 30 जून की रात भारी भूस्खलन हुआ था। पूर्वोत्तर के आठ राज्यों की राजधानियों को देश के रेलवे नेटवर्क से जोड़ने के लिए एक परियोजना के तहत जिरीबाम से इंफाल के बीच 110 किलोमीटर की लाइन के लिए क्षेत्र में निर्माण कार्य चल रहा है।

अब तक प्रादेशिक सेना के 29 जवानों के शव बरामद किए जा चुके हैं। अन्य मृतकों में रेलवे कर्मचारी, निर्माण श्रमिक और ग्रामीण शामिल हैं। रेलवे निर्माण कार्य की सुरक्षा के लिए क्षेत्र में प्रादेशिक सेना के कर्मियों को तैनात किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\